फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जल्द ही नई भूमिका में दिखेगा 'रिवर्स स्विंग का भारतीय सुल्तान'

Thu, 15 Oct 2015 06:44 PM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
जहीर खान ऐसा तेज गेंदबाज जिसकी गेंदों में आक्रामकता, स्विंग और विविधता थी और स्वभाव में विनम्रता। जेंटलमैन गेम के इस बेहतरीन रोल मॉडल ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ‘रिवर्स स्विंग’ के फन में माहिर बाएं हाथ के गेंदबाज जहीर चोटों से परेशान थे। बकौल जहीर अब उनका कंधा रोजाना 18 ओवर फेंकने का बोझ सहन नहीं कर सकता। चार साल पहले विश्व कप खिताबी जीत में बड़ी भूमिका निभाने वाले जहीर का शानदार करियर रहा।  भारत में रिवर्स स्विंग की शुरुआत का श्रेय मनोज प्रभाकर को बेशक दिया जाता रहा हो लेकिन पुरानी गेंद से इस कला में मास्टरी बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने हासिल की।  वे भारतीय तेज गेंदबाजों के लिए बड़ी प्रेरणा रहेंगे। भारतीय क्रिकेट को शानदार कामयाबियां और सुनहरी यादें देने के लिए शुक्रिया जहीर।   
विज्ञापन


भारत के श्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक जहीर खान ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। चोटों से तंग आ चुके बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने कहा कि उनका शरीर अब खेलने का बोझ ज्यादा सहन नहीं कर सकता। जहीर ने कहा, "मैं आगामी सत्र की तैयारी कर रहा था तो मुझे लगा कि मेरा कंधा रोजाना 18 ओवर फेंकने का बोझ अब सहन नहीं कर सकता। मुझे तभी अहसास हो गया कि यह संन्यास लेने का सही समय है।" उन्होंने कहा, "यह संन्यास लेने का सही समय है। मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तत्काल प्रभाव से संन्यास ले रहा हूं। मैं आईपीएल-9 के बाद घरेलू क्रिकेट से भी अलविदा लेना चाहता हूं।"

37 साल के गेंदबाज ने 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी-20 मैचों में हिस्सा लिया। चोट के कारण पिछले तीन-चार साल से टीम में उनके आने-जाने का सिलसिला चल रहा था। आईपीएल में उनका करार दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ है और वह आखिरी बार आईपीएल-9 में खेलेंगे।
विज्ञापन


वह भारतीय क्रिकेट के चौथे सफल गेंदबाज हैं। टेस्ट मैचों  में 311 विकेट लिए हैं। अनिल कुंबले (619), कपिल देव (434) और हरभजन सिंह (417) के बाद वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने अपना अंतिम मैच 2014 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के रूप में खेला था।

अब नई भूमिका में वापसी करेंगे टीम इंडिया के जैक

मुंबई में जहीर खान ने संन्यास के बारे में बताते हुए कहा कि वह खेल को कुछ वापस करना चाहते हैं। आपको जल्द ‘जाक इज बैक ’ शीर्षक फिर पढ़ने को मिलेगा क्योंकि मैं इस खेल को और अपने देश को कुछ वापिस देना चाहता हूं। जिसने श्रीरामपुर के इस लड़के को अपने सपने सच करने का मौका दिया। लेकिन अभी इस बारे में फैसला नहीं किया है।

जहीर ने अपने अपने माता-पिता, बड़े भाई जीशान छोटे भाई अनीस के साथ समर्थकों का धन्यवाद दिया। साथ ही कहा, "टीम इंडिया, बड़ौदा टीम, मुंबई, वारसेस्टरशायर, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू और दिल्ली डेयरडेविल्स टीमों का हिस्सा होना फख्र की बात रही।" उन्होंने कहा, "कई लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं मेरे फिजियो, ट्रेनर, सहयोगी स्टाफ, साथी खिलाड़ी, कप्तान, कोच, चयनकर्ता, अधिकारी, प्रशासक, मैदानकर्मी,  टीम प्रबंधन और टीम मालिक। मैं हर किसी का नाम नहीं ले सकता लेकिन सबका शुक्रिया क्योंकि उनके सहयोग से ही मैं अपना सपना सच कर सका।"

उन्होंने आगे कहा, "करियर में सबसे कठिन फैसला खुद को खेल से अलग करने का होता है। आप अतिरिक्त प्रयास करके करियर को विस्तार देना चाहते हैं लेकिन दो दशक बाद शरीर जवाब देने लगा है। मेरा सबसे बड़ा पल टीम इंडिया के सदस्य के तौर पर विश्व कप जीतना था। क्रिकेट दो दशक से मेरे जिंदगी रहा और क्रिकेट ने मुझे जीवन में सब कुछ दिया। मेरी मां ने मेरे संन्यास के फैसले का लब्बोलुआब यही निकाला है बहुत अच्छा सफर रहा हमारा।"
विज्ञापन

धोनी और कोहली ने क्या कहा जहीर के संन्यास पर

बीसीसीआई प्रमुख शशांक मनोहर ने कहा कि बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट के लिए जहीर के असाधारण योगदान की तारीफ करता है। उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता और जूनून से भारतीय क्रिकेट की सेवा की। भारतीय उपमहाद्वीप में तेज गेंदबाज के लिए काफी चुनौतियां होती हैं लेकिन वह बड़े कामयाब रहे।

बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, जहीर भारतीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं। वह पिछले एक दशक से भारतीय तेज गेंदबाजों के अगुआ रहे हैं और रिवर्स स्विंग के सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे। मैदान के भीतर और बाहर वह एक रोल मॉडल रहे।

पूर्व क्रिकेटर एवं बीसीसीआई सलाहकार समिति के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि जहीर के कौशल, अनुभव और सबसे अहम उनकी संवाद निपुणता उन्हें एक बेहतरीन गेंदबाजी प्रशिक्षक बना सकती है। वह युवा तेज गेंदबाजों के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर टि्वट करते हुए लिखा, "वह उन तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं जिनका मिजाज बेहद कूल रहा है। वह ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिनकी गेंदों पर ज्यादातर समय बल्लेबाज सही आंकलन करने में विफल रहते थे। वह हमेशा बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती रहे। जिंदगी में नए अध्याय के लिए ढेरों शुभकामनाएं।"

वनडे कप्तान धोनी ने कहा, "जैक आपका करियर शानदार रहा है। भारतीय क्रिकेट ने जो हासिल किया वह आपकी मदद के बिना हासिल करना बहुत मुश्किल होता। बहुत चतुर तेज गेंदबाज। उम्मीद है भारतीय क्रिकेट को आप योगदान किसी न किसी रूप में देते रहेंगे।"

भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने कहा, "एक बेहतरीन तेज गेंदबाज से भी बेहतर एक इंसान। जहीर भाई भविष्य के लिए बहुत सारी शुभकामनाएं। आप मेरे साथ-साथ बहुत सारे क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं।"
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें