टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर और किंग्स इलेवल, पंजाब के डायरेक्टर क्रिकेट ऑपरेशंस वीरेन्द्र सहवाग ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2018 में भारत के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में खेल चुके या फिर खेल रहे क्रिकेटर इस सीजन में उनकी टीम की आईपीएल खिताब जीतने की हसरत को पूरा कराएंगे।
वीरू ने अपने मस्तमौला अंदाज में '
अमर उजाला' के सवाल के जवाब में मंगलवार को कहा, 'पिछले सीजन तक हमारे पास भारत के लिए खेलने वाले अक्षर पटेल अकेले क्रिकेटर थे। मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि टीम में ज्यादा विदेशी क्रिकेटरों की मौजूदगी भी अब तक हमें आईपीएल खिताब नहीं जिता सकी है।
इस बार हमारी टीम में कप्तान ऑफ स्पिन ऑलराउंडर
रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, युवराज सिंह, लोकेश राहुल, मनोज तिवारी, करुण नायर, मोहित शर्मा , बरिंदर सरां के रूप में आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे क्रिकेटर हैं जो कि भारत के लिए टेस्ट, वन-डे या टी-20 में खेल रहे हैं या खेल चुके हैं। हमारी टीम ने इन भारतीय क्रिकेटरों पर भरोसा कर आईपीएल के लिए बड़ी रकम खर्च की है कि वे हमारी नैया किनारे लगा खिताब दिलाएंगे।'
वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने कहा ,'सहवाग,
धोनी और
युवराज की कप्तानी में खेलने का मेरा अनुभव किंग्स इलेवन, पंजाब के कप्तानी करने में मेरे खासा काम आएगा। हालांकि कप्तानी मेरे लिए कोई नई जिम्मेदारी नहीं है। जब तमिलनाडु को अपनी कप्तानी में विजय हजारे वन-डे ट्रॉफी में खिताब जितवाया तब मैं मात्र 20 बरस का था। तब आईसीएल के कारण कई बड़े क्रिकेटर तमिलनाडु की टीम से हट चुके थे और मेरे लिए खासे मुश्किल हालात थे। युवराज का मेरे करियर में अहम योगदान है क्योंकि मैं जब पहली बार चैलेंजर ट्रॉफी में खेला वह मेरे कप्तान थे। युवी बहुत मौका दिया। अब अपने लंबे अनुभव और विभिन्न कप्तानों की कप्तानी में खेलने से कप्तानी की बारीकियों से भी रूबरू हो चुका हूं। मैं कप्तान के रूप में अपनी जिम्मेदारी से वाकिफ हूं। मैं अपने अनुभव और किंग्स इलेवन, पंजाब टीम में हर किसी को साथ लेकर खिताब जिताने की पुरजोर कोशिश करुंगा।'