भारतीय टीम के बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज युवराज सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ 24 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। युवराज का कहना है कि उनका फोकस मैच के हालात के अनुसार बल्लेबाजी करने पर था।
खचाखच भरे ईडन गार्डन में दर्शकों के अपार प्रोत्साहन के बीच उन्होंने जोश दिखाने की जगह ठोसपूर्ण तरीके से पारी को आगे बढ़ाया। युवराज ने कहा कि मैं हालात के मुताबिक बल्लेबाजी करना चाहता था, इससे फर्क नहीं पड़ता कि यह मौका कितना बड़ा था।
अहम यह है कि आप सही चीजों पर फोकस करो। मेरा ध्यान गेंद पर था और कोशिश स्ट्राइक रोटेट करने की थी और मैं इसमें कामयाब रहा। विराट तो गजब की फॉर्म में हैं और धोनी ने आकर मैच को फिनिश कर दिया।
कभी आतिशी बल्लेबाज रहे युवी की भूमिका अब टीम में बदल गई है। उन्होंने कहा कि मेरा काम कुछ गेदें खेलने के बाद आक्रामक खेल दिखाना था।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच हारने के बाद टीम बड़े दबाव में थी। हम वैसी बल्लेबाजी नहीं कर पाए जैसी करना चाहते थे। पाकिस्तान के खिलाफ भी हमने तीन विकेट गंवा दिए थे जिससे दबाव बढ़ गया था। मेरी और विराट की साझेदारी से दबाव कम हुआ।
युवी को खुशी है कि बांग्लादेश के खिलाफ अगले मुकाबले से पहले टीम ने अपना आत्मविश्वास फिर से हासिल कर लिया है। विकेट के बीच दौड़ भी अच्छी हुई है। भारतीय ऑलराउंडर ने गेंदबाजों के प्रयासों को भी सराहा जिन्होंने पाकिस्तान की टीम को 18 ओवरों में 118 रनों पर सीमित कर दिया था।