वर्ल्ड कप के लिए घोषित 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में जगह नहीं मिलने के बाद भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह चयनकर्ताओं को लगातार करारा जवाब दे रहे हैं। युवराज सौराष्ट्र के खिलाफ रविवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच के पहले दिन इस सत्र में लगातार तीसरे शतक के करीब पहुंच गए हैं। युवराज के नाबाद 95 और मंदीप सिंह के बेहतरीन नाबाद 154 रन की मदद से पंजाब ने दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 327 रन बना लिए हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक 227 रन जोड़ चुके हैं। युवराज इस सत्र में तीन मैचों में दो शतक और दो अर्द्धशतक के साथ 433 रन बनाकर सबसे आगे चल रहे हैं। इस दौरान वह सर्वाधिक 57 चौके और 10 छक्के भी ठोक चुके हैं। साथ ही युवराज के शानदार प्रदर्शन के दम पर पंजाब की टीम भी ग्रुप ‘बी’ में 15 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही है।
हिमाचल ने की ठोस शुरुआत
गुवाहाटी। असम के खिलाफ हिमाचल प्रदेश ने ग्रुप ‘सी’ मैच के पहले दिन दो विकेट पर 282 रन बनाकर ठोस शुरुआत की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी असम को ओपनर अंकुश बैंस (नाबाद 156) और आकाश वशिष्ठ (30) ने 87 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई। इसके बाद अंकित कल्शी हालांकि मात्र चार रन बनाकर आउट हो गए लेकिन बैंस और पारस डोगरा (नाबाद 76) ने स्टंप तक 180 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया।
उड़ीसा ने हरियाणा को 127 पर समेटा
रोहतक। उड़ीसा के खिलाफ हरियाणा की टीम घरेलू मैदान पर ग्रुप ‘बी’ में 127 रन पर ढेर हो गई। 65 रन तक ही हरियाणा के सात विकेट गिर गए थे लेकिन इसके बाद अभिमन्यु (38) ने जोगिंदर शर्मा (14) के साथ आठवें विकेट के लिए 30 और फिर जोगिंदर ने मोहित शर्मा (19) ने के साथ नौवें विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी कर टीम को 100 रन के भीतर सिमटने से बचा लिया। अवि बरोट ने 21 और सचिन राणा ने 18 रन बनाए।