युवराज सिंह ने दो विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को मलाल है कि आईपीएल में उनकी अच्छी मांग होने के बाद भी वह किसी भी टीम के साथ ज्यादा समय तक टिक नहीं सके।
पिछले महीने संन्यास की घोषणा करने वाले युवराज ने आईपीएल में छह टीमों का प्रतिनिधित्व किया। यहां एक समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजे जाने के बाद युवराज ने कहा कि मैं इस बारे में नहीं बता सकता कि ऐसा क्यों है।
लेकिन मैं किसी भी टीम के साथ लंबे समय तक नहीं रह पाया। मैं उस तरह किसी टीम के साथ नहीं जुड़ सका, जहां करियर के दौरान आप एक या दो फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़े रहते हैं। मैं केकेआर से लगभग जुड़ ही गया था, लेकिन अंतिम समय में आरसीबी के साथ चला गया।