फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mission Team India: ‘18 महीने के अंदर भारत के लिए खेलूंगा’, किस खिलाड़ी ने किया यह दावा? कोहली की तरह लगाता है कवर ड्राइव

Fri, 18 Feb 2022 09:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विराट कोहली ने छह महीने के अंदर टीम इंडिया में जगह बना ली थी। विराट ने अगस्त 2008 में श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के लिए अपना डेब्यू मैच खेला था। अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या विराट के नक्शेकदम पर चलते हुए यश ढुल भी कम समय में टीम इंडिया में अपनी जगह बना पाते हैं या नहीं।
विज्ञापन
कोहली की तरह ही कवर ड्राइव लगाता है यह खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में क्रिकेट को लेकर प्रतिभा की कमी नहीं है। बस जरूरत है उसकी पहचान कर उन्हें तराशने की और उचित मंच देने की, ताकि वे खुद को साबित कर सकें। आईपीएल के आने के बाद से कई शानदार खिलाड़ी टीम इंडिया को मिले। इसमें हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, एक और टूर्नामेंट है, जिसने टीम इंडिया को कई स्टार खिलाड़ी दिए हैं, वो है- अंडर-19 विश्व कप। 
विज्ञापन


युवराज सिंह, हरभजन सिंह से लेकर विराट कोहली, पृथ्वी शॉ और शुभमन गिल तक कई खिलाड़ियों ने अंडर-19 विश्व कप में ही अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में जगह बनाई। विराट कोहली तो भारतीय टीम के कप्तान भी रहे। अब इसी टूर्नामेंट से निकला एक और बेहतरीन खिलाड़ी मिशन टीम इंडिया में जुट गया है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि भारत को 2022 अंडर-19 विश्व कप खिताब दिलाने वाले कप्तान यश ढुल हैं।

यश ढुल - फोटो : अमर उजाला

18 महीने में टीम इंडिया में जगह बनाना लक्ष्य

यश ढुल का सपना अगले 18 महीने में सीनियर टीम में जगह बनाना है और 19 साल के इस क्रिकेटर ने दिल्ली की रणजी टीम में जगह बनाकर इस ओर कदम भी बढ़ा दिए हैं। इतना ही नहीं अपने पहले फर्स्ट क्लास मैच में शतक लगाकर यश ने खुद को साबित भी किया। रणजी ट्रॉफी मैच में तमिलनाडु के खिलाफ यश ने गुवाहाटी बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में 113 रन की पारी खेली। 

अंडर-19 विश्व चैंपियन बनने के सपने को साकार करने के दौरान यश दो महीने तक परिवार से दूर रहे थे और अपने माता-पिता से मुलाकात करने का सिर्फ आधे घंटे का समय मिला था। यश का कहना है- अगर मैं 18 महीनों में भी टीम इंडिया में जगह बना पाया, फिर भी मैं तब तक मेहनत करूंगा जब तक मैं अपना लक्ष्य हासिल न कर लूं


रणजी के दौरान आउट होकर पवेलियन लौटते यश

सचिन, रोहित की क्लब में शामिल हुए यश

डेब्यू मैच में शतकीय पारी खेलने के बाद यश का नाम सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और अमोल मजूमदार के क्लब में शामिल हो गया। इन क्रिकेटरों ने भी अपने डेब्यू मैच में शतकीय पारी खेली थी। 

रणजी में डेब्यू करते हुए दिल्ली के लिए शतक
बल्लेबाज डेब्यू पारी में
कितने रन बनाए 
सीजन
जेएन सेठ 179 1949/50
रमेश सक्सेना 113 नॉटआउट 1960/61
मनु नायर 100 नॉटआउट 1986/87
आकाश चोपड़ा 150 1997/98
मयंक तेहलान 176 2005/06
मिलिंद कुमार 119 2011/12
वैभव रावल 100 नॉटआउट 2012/13
यश ढुल 113 2021/22
 

अंडर-19 के कप्तान की शतक परंपरा को बनाए रखा

यश ढुल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के डेब्यू मैच में शतकीय पारी खेलने के बाद उस परंपरा को भी बरकरार रखा, जिसमें अंडर-19 के कप्तान रणजी और अन्य मैच में शतकीय पारी खेल चुके हैं। इससे पहले विजय जौल ने 2013 में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ (110 रन), पृथ्वी शॉ ने 2017 में तमिलनाडु के खिलाफ (120 रन), प्रियंम गर्ग ने पर्दापण मैच में गोवा के खिलाफ (117 रन) कारनामा कर चुके हैं।

अंडर-19 विश्व कप से अब तक यश की पारियां
रन मैच
52 इंडिया अंडर-19 vs वेस्टइंडीज अंडर-19
50 इंडिया अंडर-19 vs ऑस्ट्रेलिया अंडर-19
82 इंडिया अंडर-19 vs दक्षिण अफ्रीका अंडर-19
20 इंडिया अंडर-19 vs बांग्लादेश अंडर-19
110 इंडिया अंडर-19 vs ऑस्ट्रेलिया अंडर-19
17 इंडिया अंडर-19 vs इंग्लैंड अंडर-19
113 दिल्ली vs तमिलनाडु (रणजी)

 

कोहली से कितनी मिलती-जुलती है यश की जिंदगी

यश भारतीय टीम को खिताब दिलाकर दिल्ली के ऐसे तीसरे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने यह कारनामा किया है। उनसे पहले विराट कोहली और उनमुक्त चंद ऐसा कर चुके हैं। कोहली ने 2008 और उनमुक्त चंद ने 2012 में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताया था। तीनों ही खिलाड़ी का जन्म दिल्ली में हुआ है। यश ढुल की कहानी कई मायनों में विराट कोहली से मिलती-जुलती है। इन दोनों खिलाड़ियों का शुरुआती क्रिकेट करियर कई मायनों में एक समान रहा है। 

विराट पहले भारतीय कप्तान थे, जिन्होंने अंडर-19 विश्वकप में शतक लगाया था। उन्होंने 2008 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 74 गेंद में 100 रन की पारी खेली थी। अब यश धुल ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 110 रन की बेहतरीन पारी खेली। यश ने अंडर-19 विश्व कप के दौरान चार मैचों में 76.33 की औसत से 229 रन बनाए।

कोहली और यश दोनों ही विश्व कप में चौथे नंबर पर खेले

विराट कोहली भी साल 2008 अंडर-19 विश्व कप के दौरान चौथे नंबर पर बल्लेबाजी किया करते थे। वहीं, यश ढुल ने भी चौथे नंबर पर ही खेलते हुए टीम को चैंपियन बनाया। विराट बड़े हिट लगाने की बजाय शॉट की टाइमिंग और गैप में शॉट खेलने पर यकीन रखते हैं। यश ढुल भी इसी शैली के खिलाड़ी हैं और वो भी लंबे-लंबे छक्के लगाने की बजाय टच प्ले पर यकीन रखते हैं। कोहली की तरह यश भी शानदार तक्नीक के धनी हैं और दोनों की कवर ड्राइव और बैटिंग स्टांस एक जैसी दिखती है।

यश ढुल और विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया

विराट और यश ने अहम मौके पर अपनों को खोया, लेकिन रुके नहीं

साल 2006 में विराट कर्नाटक के खिलाफ रणजी मैच खेल रहे थे। दिल्ली को फॉलोऑन से बचाने की जिम्मेदारी विराट पर थी, लेकिन उसी रात विराट के पिता प्रेम कोहली का अचानक से दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया। विराट अगले दिन पिता के अंतिम संस्कार में जाने की बजाय दिल्ली को हार से बचाने के लिए मैदान में उतरे। 

उन्होंने 281 मिनट तक बल्लेबाजी की और 238 गेंदों का सामना करते हुए 90 रन बनाए। यश ढुल की भी कहानी कुछ इसी तरह है। यश ने भी 2017 में अपने दादा जी को खो दिया था, लेकिन अगले दिन ही वो मैदान में थे और क्रिकेट खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

विराट ने छह महीने में टीम इंडिया में जगह बनाई

विराट ने छह महीने के अंदर टीम इंडिया में जगह बना ली थी। मार्च, 2008 में विराट ने अंडर-19 विश्व कप का फाइनल खेला था, जबकि अगस्त 2008 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के लिए अपना डेब्यू मैच खेला था। अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या विराट के नक्शेकदम पर चलते हुए यश भी कम समय में टीम इंडिया में अपनी जगह बना पाते हैं या नहीं। इसमें कोई दो राय नहीं कि यश भी विराट की तरह काफी टैलेंटेड हैं। हालांकि, हम यह कह सकते हैं कि भारतीय टीम को अगला 'विराट कोहली' मिल गया है।
विज्ञापन

विराट कोहली अपने पहले आईपीएल के दौरान (बाएं)। यश भी इस साल आईपीएल खेलेंगे - फोटो : सोशल मीडिया

विराट 13 लाख में बिके थे, यश को मिलेंगे 50 लाख

विराट कोहली 2008 में अंडर-19 विश्व कप जीतने के तुरंत बाद आईपीएल के लिए भी चुने गए थे। वे आईपीएल के पहले संस्करण से लीग खेलते आ रहे हैं। विराट को 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 13 लाख रुपये में खरीदा था। उस वक्त डॉलर की कीमत कम थी। आज के हिसाब से भी देखें तो विराट तब 22 लाख रुपये में बिके थे। वहीं, यश ढुल भी इस साल अपना पहला आईपीएल खेलेंगे। 

उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा है। उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपये थी। यश इस मौके को पूरी तरह भुनाने की कोशिश करेंगे और क्या पता अच्छे प्रदर्शन के दम पर वह ऑस्ट्रेलिया में आगामी टी-20 विश्व कप के लिए भी अपना दावा मजबूत कर सकते हैं। भारत को अगले साल होम ग्राउंड पर वनडे विश्व कप भी खेलना है। यश की नजर उस पर भी होगी।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान भी कर चुके यश ढुल की तारीफ

कई पूर्व क्रिकेटर भी यश ढुल की तारीफ कर चुके हैं। रणजी में दिल्ली के लिए शतक जड़ने पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन तक ने उनकी तारीफ की और ट्वीट कर कहा कि ''फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू पर ही शतक। यश एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें हम आने वाले समय में काफी बार देखने वाले हैं।'' यश के कोच प्रदीप कोचर ने तो उन्हें आने वाले समय का महेंद्र सिंह धोनी भी करार दिया है। 

प्रदीप कोचर और यश ढुल

अब यह देखने वाली बात होगी कि यश अपने कोच की उम्मीदों पर कितने खरे उतरते हैं, लेकिन यह तो तय है कि यश में एक बड़ा स्टार बनने की पूरी काबीलियत है। अंडर-19 विश्व कप में जिस प्रकार उन्होंने कप्तानी की, उससे लगता है कि वह भविष्य में टीम इंडिया के कप्तान भी बन सकते हैं।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें