अंडर-19 विश्वकप में शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान
- फोटो : अमर उजाला
अंडर-19 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराकर भारतीय टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। टीम इंडिया लगातार चौथी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2016, 2018 और 2020 में भी भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी और 2018 में ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में यश धुल ने 110 रन की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इसके साथ ही वो विराट कोहली और उनमुक्त चंद के खास क्लब में शामिल हो गए।
यश धुल तीसरे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने अंडर-19 विश्वकप में शतक लगाया था। उनसे पहले विराट कोहली ने 2008 और उन्मुक्त चंद ने 2012 में यह कारनामा किया था। इन दोनों ही मौकों पर भारतीय टीम ने खिताब भी अपने नाम किया था। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि एक बार फिर यश धुल की कप्तानी में भारतीय टीम यह टूर्नामेंट जीतेगी।
इंग्लैंड से होगा फाइनल मुकाबला
अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड की टीम से होगा। इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड की टीम 1998 में इस वर्ल्डकप की विजेता बनी थी। इसके बाद यह टीम कुछ खास नहीं कर पाई है। पिछले टूर्नामेंट इंग्लैंड की टीम काफी नीचे रही थी। इस बार इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी बेहतरीन लय में हैं। खासकर उनके लेग स्पिन गेंदबाज रेहान अहमद शानदार फॉर्म में हैं। भारत को उनसे सावधान रहने की जरूरत होगी।
टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है भारत
भारतीय टीम लगातार चौथी बार और रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची है। भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है। टीम इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और इस साल फाइनल में पहुंची है। भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता था। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। भारत सबसे ज्यादा चार बार यह टूर्नामेंट जीत चुका है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार अंडर-19 विश्वकप जीता है।