फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2022 Mega Auction: कैसे होती है खिलाड़ियों की नीलामी? कैसे तय होता है बेस प्राइस? जानिए आईपीएल नीलामी के बारे में सबकुछ

Thu, 03 Feb 2022 08:13 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईपीएल 2022 का मेगा ऑक्शन शुरू होने से पहले हम इसके बारे में सब कुछ बता रहे हैं। यहां जानिए कैसे खिलाड़ियों का बेस प्राइस तय होता है, कैसे उन्हें नीलाम किया जाता है और आईपीएल 2022 में किस टीम की स्थिति क्या है....
 
विज्ञापन
आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन का आयोजन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरू में होना है। इससे पहले फैंस के मन में इस ऑक्शन को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि यह ऑक्शन कैसे होता है? कैसे खिलाड़ियों की नीलामी होती है? उनका बेस प्राइस कैसे तय किया जाता है? मेगा ऑक्शन से पहले किस टीम के पास कितने खिलाड़ी हैं और हर टीम के पास अधिकतम कितने खिलाड़ी हो सकते हैं। यहां हम इन सभी सवालों के जवाब बता रहे हैं। 
विज्ञापन


आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले उससे जुड़ी पूरी जानकारी यहां पर दी जा रही है। कई रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि फ्रेंचाइजी बार-बार मेगा ऑक्शन होने से खुश नहीं हैं और वो चाहती हैं कि इसके बाद आईपीएल में कोई मेगा ऑक्शन न किया जाए। 

आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी कब होगी?
आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी इस बार 12 और 13 फरवरी, 2022 को होगी।

2022 के आईपीएल खिलाड़ी की नीलामी कहां होगी?
आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी बेंगलुरु में होगी।

इस नीलामी को कहां देखा जा सकता है?
आईपीएल नीलामी से जुड़ी हर अपडेट आप अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में पढ़ सकते हैं। 

आईपीएल नीलामी 2022 के लिए कितने खिलाड़ी शामिल होंगे?
नीलामी के लिए कुल 1214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 896 भारतीय खिलाड़ी और 318 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। हालांकि नीलामी की अंतिम सूची में 590 खिलाड़ी हैं, जिन पर बोली लगेगी। इसमें से 370 भारतीय खिलाड़ी और 220 विदेशी खिलाड़ी हैं।
विज्ञापन


खिलाड़ियों को कितनी कैटेगरी में बांटा गया है?
खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस के आधार पर कई कैटेगरी में बांटा गया है। सबसे महंगी कैटेगरी दो करोड़ की है, जिसमें 48 खिलाड़ी हैं। इसमें 17 भारतीय और 31 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।

दो करोड़ की बेस प्राइस में शामिल भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट
खिलाड़ी पिछली टीम
रविचंद्रन अश्विन दिल्ली कैपिटल्स
देवदत्त पडिक्कल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
शिखर धवन  दिल्ली कैपिटल्स
मोहम्मद शमी पंजाब किंग्स
सुरेश रैना चेन्नई सुपरकिंग्स
रॉबिन उथप्पा चेन्नई सुपरकिंग्स
क्रुणाल पंड्या मुंबई इंडियंस
हर्षल पटेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
ईशान किशन मुंबई इंडियंस
दिनेश कार्तिक मुंबई इंडियंस
अंबाती रायुडू चेन्नई सुपरकिंग्स
दीपक चाहर चेन्नई सुपरकिंग्स
भुवनेश्वर कुमार सनराइजर्स हैदराबाद
शार्दुल ठाकुर चेन्नई सुपरकिंग्स
उमेश यादव दिल्ली कैपिटल्स
युजवेंद्र चहल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

1.5 करोड़ की बेस प्राइस में सिर्फ तीन भारतीय
दो करोड़ के बाद डेढ़ करोड़ रुपये के बेस प्राइस का नंबर आता है। इसमें कुल 20 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है। हैरानी की बात है कि उनमें से सिर्फ तीन ही भारतीय हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए पिछले सीजन में खेलने वाले वॉशिंगटन सुंदर के अलावा दिल्ली कैपिटल्स के दो पूर्व दिग्गज अमित मिश्रा और ईशांत शर्मा का नाम इसमें हैं।

एक करोड़ की बेस प्राइस में शामिल खिलाड़ियों की लिस्ट
खिलाड़ी पिछली टीम
मनीष पांडे सनराइजर्स हैदराबाद
नीतीश राणा कोलकाता नाइटराइडर्स
ऋद्धिमान साहा सनराइजर्स हैदराबाद
प्रसिद्ध कृष्णा कोलकाता नाइटराइडर्स
टी नटराजन सनराइजर्स हैदराबाद
कुलदीप यादव कोलकाता नाइटराइडर्स
अजिंक्य रहाणे दिल्ली कैपिटल्स
जयंत यादव मुंबई इंडियंस
पीयूष चावला मुंबई इंडियंस
केदार जाधव सनराइजर्स हैदराबाद

मेगा ऑक्शन में किस देश के कितने खिलाड़ी शामिल होंगे 

देश

ऑक्शन में
कितने खिलाड़ी

अफगानिस्तान

17

ऑस्ट्रेलिया

47

बांग्लादेश

5

इंग्लैंड

24

आयरलैंड

5

न्यूजीलैंड

24

दक्षिण अफ्रीका

33

श्रीलंका

23

वेस्टइंडीज

34

जिम्बाब्वे

1

नामीबिया

3

नेपाल

1

स्कॉटलैंड

2

यूएसए

1


सभी देशों के खिलाड़ियों की लिस्ट

देश

ऑक्शन में
उतरने वाले अहम खिलाड़ी

अफगानिस्तान

मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह जादरान, रहमनुल्लाह गुरबाज, जहीर खान, हजरतुल्लाह जजई, नवीन उल हक

ऑस्ट्रेलिया

डेविड वार्नर, पैट कमिंस, स्टीव स्मिथ, मिचेल मार्श, मैथ्यू वेड, जोश हेजलवुड, एडम जम्पा, एरॉन फिंच, मार्नस लाबुशेन, नाथन कुल्टर नाइल, क्रिस लिन

बांग्लादेश

शाकिब अल हसन, मुस्तफिजुर रहमान, लिटन दास, तास्किन अहमद, शोरिफुल इस्लाम

इंग्लैंड

जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंग्स, मार्क वुड, आदिल रशीद, डेविड मलान, इयोन मॉर्गन, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, एलेक्स हेल्स, जोफ्रा आर्चर, जॉर्ज गार्टन

आयरलैंड

जोश लिटिल, कर्टिस कैम्फर, मार्क एडनायर, गैरेथ डेलानी

न्यूजीलैंड

ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, जिमी नीशम, ईश सोढ़ी, फिन एलेन, डेवोन कॉन्वे, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर

दक्षिण अफ्रीका

क्विंटन डिकॉक, फाफ डुप्लेसिस, कगिसो रबाडा, डेविड मिलर, इमरान ताहिर, डेवाल्ड ब्रेविस, एडेन मार्कराम, मार्को येन्सन, लुंगी एनगिडी, तबरेज शम्सी

श्रीलंका

वानिंदु हसारंगा, दुष्मंत चमीरा, महीष थिकशाना, चरिथ असालंका, निरोशन डिकवेला, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा

वेस्टइंडीज

शिमरोन हेटमायर, ड्वेन ब्रावो, जेसन होल्डर, निकोलस पूरन, डोमिनिक ड्रेक्स, ओडियन स्मिथ, एविन लुईस, शेरफाने रदरफोर्ड, रोवमन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, आंद्रे फ्लेचर, शाई होप

जिम्बाब्वे

ब्लेसिंग मजरबानी

नामीबिया

डेविड वीजे, रुबेन ट्रंपलमन, जोहानेस स्मिट

नेपाल

संदीप लामिछाने

स्कॉटलैंड

साफियान शरीफ, ब्रैड व्हील

यूएसए

अली खान


मेगा ऑक्शन से पहले किस टीम ने किन खिलाड़ियों को रीटेन किया है?
  • मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कीरोन पोलार्ड।
  • रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोरः विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज।
  • चेन्नई सुपरकिंग्सः रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी, ऋतुराज गायकवाड़, मोईन अली।
  • दिल्ली कैपिटल्सः ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और एनरिक नॉर्टजे।
  • कोलकाता नाइटराइडर्सः आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, वेंकटेश अय्यर और सुनील नरेन।
  • राजस्थान रॉयल्सः संजू सैमसन, जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल।
  • पंजाब किंग्सः मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह।
  • सनराइजर्स हैदराबादः केन विलियम्सन, अब्दुल समद और उमरान मलिक।
  • लखनऊः केएल राहुल, मार्कस स्टोइनिस, रवि बिश्नोई।
  • अहमदाबादः हार्दिक पांड्या, राशिद खान, शुभमन गिल।


मेगा ऑक्शन से पहले हर टीम की स्थिति 

फ्रेंचाइजी

पर्स में कितनी
रकम बची 
(करोड़ रुपये)

स्लॉट खाली

कितने विदेशी
खिलाड़ी शामिल
हो सकते

चेन्नई सुपर किंग्स

48

21

7

दिल्ली कैपिटल्स

47.5

21

7

कोलकाता नाइट राइडर्स

48

21

6

लखनऊ सुपर जाएंट्स

59

22

7

मुंबई इंडियंस

48

21

7

पंजाब किंग्स

72

23

8

राजस्थान रॉयल्स

62

22

7

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

57

22

7

सनराइजर्स हैदराबाद

68

22

7

टीम अहमदाबाद

52

22

7

विज्ञापन

एक फ्रैंचाइजी कुल कितने खिलाड़ी खरीद सकती है?
एक फ्रैंचाइजी कुल 25 खिलाड़ी खरीद सकती है।

क्या 2022 की नीलामी में टीमों के पास राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करने का मौका होगा?
नहीं, मेगा ऑक्शन में कोई भी टीम राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी।

आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी क्या है?
कौन सा खिलाड़ी किस टीम के लिए खेलेगा, यह तय करने के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होती है। यह एक खुली नीलामी है और इसमें भाग लेने वाली सभी फ्रेंचाइजी किसी भी खिलाड़ी के लिए बोली लगा सकती हैं। नीलामी से पहले सभी टीमें बीसीसीआई को खिलाड़ियों की एक लिस्ट भेजती हैं, जिसमें उन खिलाड़ियों को नाम होता है, जिसे वो खरीदना चाहती हैं। इस सूची के आधार पर खिलाड़ियों को नीलामी में शामिल किया जाता है। टीमों ने अपनी लिस्ट में जिन खिलाड़ियों का नाम नहीं लिखा होता है, उन पर भी बोली लगा सकती हैं और उन्हें खरीद सकती हैं। 

फ्रेंचाइजी विभिन्न रणनीतियों के साथ आती हैं और उनके पास आमतौर पर उन खिलाड़ियों की एक सूची होती है जिन्हें वे खरीदना चाहते हैं। साथ ही उनके पास बी, सी या डी प्लान भी होता है, अगर वो अपना पसंदीदा खिलाड़ी नहीं खरीद पाती हैं तो उसकी जगह दूसरा खिलाड़ी खरीदने की कोशिश करती हैं। इसके लिए पहले से पूरा प्लान तैयार होता है। 

नीलामी के लिए खिलाड़ियों को अलग-अलग समूहों में कैसे विभाजित किया जाता है?
आमतौर पर खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाता है - भारतीय कैप्ड, भारतीय अनकैप्ड और विदेशी खिलाड़ी। इसके बाद खिलाड़ियों को बल्लेबाज, तेज गेंदबाज, स्पिनर, ऑलराउंडर और विकेटकीपर के रूप में विभाजित किया जाता है।

आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी कैसे होती है?
आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी किसी भी अन्य नीलामी की तरह होती है, नीलामी करने वाला व्यक्ति खिलाड़ी के नाम की घोषणा करता है और उसके बारे में पूरी जानकारी देता है। जैसे कि वह क्या करता है, वह किस देश से है और उसका बेस प्राइस क्या है। इसके बाद फ्रेंचाइजी खिलाड़ी पर बोली लगा सकती हैं। बोली हर खिलाड़ी के बेस प्राइस से शुरू होती है। अगर किसी खिलाड़ी का बेस प्राइस एक करोड़ रुपये है तो उसके ऊपर नीलामी एक करोड़ से शुरू होगी और आगे बढ़ती रहेगी। किसी भी खिलाड़ी को उसके बेस प्राइस से कम में नहीं खरीदा जा सकता है।

एक बार जब किसी खिलाड़ी के ऊपर आखिरी बार कोई टीम बोली लगाती है तो नीलामी करने वाला आदमी तीन बार कॉल करता है। किसी और टीम के बोली न लगाने पर उस खिलाड़ी को संबंधित टीम के नाम कर दिया जाता है। इसके बाद वह खिलाड़ी उस टीम का हिस्सा बन जाता है।

खिलाड़ियों का बेस प्राइस क्या है और यह कैसे तय होता है?
बेस प्राइस वह न्यूनतम राशि है जिस पर नीलामी में किसी खिलाड़ी के लिए बोली शुरू होती है। यह कीमत नीलामी से पहले खिलाड़ी खुद तय करता है। साथ ही विदेशी खिलाड़ियों को बेस प्राइस के साथ अपने देश के क्रिकेट बोर्ड का एनओसी भी जमा करना होता है। इससे यह साफ होता है कि उस खिलाड़ी के बोर्ड ने उसे आईपीएल में खेलने की अनुमति दे दी है। हाई प्रोफाइल भारतीय और विदेशी कैप्ड खिलाड़ी आमतौर पर अपना बेस प्राइस बहुत ज्यादा रखते हैं। क्योंकि उन्हें पता होता है कि उन पर बड़ी बोली लगेगी। वहीं छोटे खिलाड़ी अपना बेस प्राइस कम रखते हैं। 

खिलाड़ियों को अपना बेस प्राइस तय करने से पहले अपने पिछले प्रदर्शन, उनकी लोकप्रियता, सोशल मीडिया फॉलोइंग आदि को ध्यान में रखना होता है। जो खिलाड़ी यह सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें कोई खरीदार मिलेगा या नहीं, उनको अपना बेस प्राइस बहुत कम रखना होता है। 

एक अनसोल्ड खिलाड़ी क्या है?
एक अनसोल्ड खिलाड़ी वह होता है जिसके लिए नीलामी में कोई टीम बोली नहीं लगाती है। 

क्या एक दौर में न बिके खिलाड़ियों को नीलामी में वापस लाया जा सकता है?
हां, पहले राउंड में नहीं बिकने वाले खिलाड़ियों को फिर से नीलाम किया जाता है। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहती है जब तक कि टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ी नहीं खरीद लेती हैं। अतिरिक्त राउंड के बाद टीमों के रुचि दिखाने पर बिना बिके खिलाड़ियों को भी नीलामी के अंत में त्वरित बोली प्रक्रिया के जरिए वापस लाया जाता है।

त्वरित बोली क्या है?
नीलामी खत्म होने से पहले बीसीसीआई को एक सूची सौंपी जाती है जिसमें उन खिलाड़ियों का नाम होता है, जो अब तक नहीं बिके हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी उन्हें खरीदना चाहती हैं। इन खिलाड़ियों को नीलामी में वापस लाया जाता है। इसमें बोली तेजी से होती है, नीलामीकर्ता ज्लदी-जल्दी नामों को पढ़ता है और अक्सर टीमें खिलाड़ियों को उनके बेस प्राइस में ही खरीद लेती हैं।

क्या नीलामी के बाद बिना बिके खिलाड़ी आईपीएल टीमों का हिस्सा बन सकते हैं?
हां, टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के घायल या किसी दूसरी वजह से उपलब्ध न होने पर उनकी जगह दूसरे खिलाड़ियों को टीम अपने साथ जोड़ सकती हैं। 

टीम पर्स क्या है और इसकी राशि कैसे तय की जाती है?
पर्स वह राशि है जो एक टीम अपनी टीम बनाने में खर्च कर सकती है। इसमें उन खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि शामिल हैं जिन्हें वे रिटेन करते हैं या नीलामी से पहले अपने साथ जोड़ते हैं और वे खिलाड़ी भी जिन्हें वे नीलामी में ही खरीदते हैं। सभी टीमों के लिए यह राशि समान है। इस बार सभी 10 टीमों के पर्स में 90 करोड़ रुपये हैं, जिसमें से वो खिलाड़ी खरीदकर अपनी टीम बना सकते हैं। हर टीम ने जिस आधार पर खिलाड़ियो की रीटेन किया है, उसी आधार पर उनके पर्स से पैसे काटे गए हैं। 

राइट टू मैच कार्ड का अधिकार क्या है?
आईपीएल की मेगा नीलामी में इससे पहले तक सभी टीमों के पास दो राइट टू मैच कार्ड होते थे। एक कार्ड के जरिए हर टीम अपने पुराने खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ सकती थी। नीलामी के दौरान अगर कोई खिलाड़ी दूसरी टीम ने खरीद लिया तो उसकी पुरानी टीम राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करके उसी कीमत पर खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ सकती थी। इस बार यह कार्ड नहीं है। क्योंकी नीलामी में दो नई टीमें शामिल हुई हैं और वो इस कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर सकती हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें