पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को जीत के बाद बांग्लादेश की टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में जबरदस्त फायदा हुआ था। नाजमुल हुसैन शांतो की टीम छठे स्थान पर पहुंच गई थी, लेकिन अब उन्हें तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, आईसीसी ने सोमवार को स्लो ओवर रेट के कारण उनके अंकों में कटौती की। इसके बाद अब टीम सातवें स्थान पर खिसक गई है। हालांकि, इंग्लैंड पर इस कार्रवाई का कोई असर नहीं पड़ा है। वह चौथे स्थान पर काबिज हैं।
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराया
रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पहली पारी में छह विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जवाब में बांग्लादेश ने 565 रन बनाए और 117 रन की बढ़त हासिल की। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में पाकिस्तान को 146 रन पर समेट दिया। 30 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 10 विकेट रहते हासिल कर लिया।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में हुआ दोनों टीमों को नुकसान
आईसीसी के इस फैसले के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद पाकिस्तान की टीम के खाते में सिर्फ 16 अंक रह गए हैं जबकि उनका अंक प्रतिशत 22.22 का हो गया है। इससे पहले उनके खाते में 22 अंक थे और उनका अंक प्रतिशत 30.56 का था। वहीं, जीत के बाद छठे पायदान पर पहुंची बांग्लादेश की टीम अब सातवें स्थान पर खिसक गई है। उनके खाते में 21 अंक रह गए हैं। उनका अंक प्रतिशत 35 का रह गया है। इससे पहले उनके खाते में 24 अंक थे और उनका अंक प्रतिशत 40 का था।
अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा इंग्लैंड
दूसरी तरफ श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने पांच विकेट से जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई है। ओली पोप की अगुवाई वाली टीम ने श्रीलंका को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
इस चक्र में इंग्लैंड की 14 टेस्ट मैचों में सातवीं जीत है। इससे उनके खाते में 69 अंक हो गए हैं और उनका अंक प्रतिशत 41.07 हो गया है। इंग्लैंड की टीम अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए दावेदारी पेश कर दी है। इससे पहले टीम छठे पायदान पर थी।
भारत शीर्ष पर बरकरार
भारत और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया क्रमशः 68.5 और 62.5 अंकों के साथ शीर्ष दो पर बरकरार हैं। भारतीय टीम को सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 19 सितंबर से चेन्नई में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 27 सितंबर से कानपुर में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवंबर में पांच मैचों की प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी।