भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। दोनों टीमें इंग्लैंड के ओवल में आमने-सामने होंगी। यह मैच सात जून से खेला जाएगा। भारतीय टीम दूसरी बार फाइनल मैच में खेलेगी। पिछली बार उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 में हार का सामना करना पड़ा। अब जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरेगी तो उसकी नजर आईसीसी ट्रॉफी जीतने पर होगी।
फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजों मुहम्मद शमी और मुहम्मद सिराज को खेलना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के पास विश्वस्तरीय तेज गेंदबाज हैं। शमी और सिराज को इंग्लैंड के हालात में खेलना आसान नहीं है। भारतीय स्पिनरों में सभी हालात में अच्छी गेंदबाजी करने की काबिलियत है।
स्मिथ ने कहा कि मुझे लगता है कि उनका गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है। स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट को लेकर कहा कि मैं टेस्ट के भविष्य को लेकर चिंतित हूं। लेकिन यह अभी भी जीवित है।
इस बार चैंपियन बनने वाली टीम को लगभग 13.22 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, हारने वाली टीम लगभग 6.61 करोड़ रुपये अपने साथ लेकर जाएगी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पिछले सत्र में भी इनामी राशि यही थी। 2019-2021 चक्र में फाइनल में हारने पर भारतीय टीम को 6.61 करोड़ रुपये और चैंपियन न्यूजीलैंड को 13.21 करोड़ रुपये मिले थे।
फाइनल स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे) से शुरू होगा। इसका टेलीविजन पर सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं, मोबाइल फोन पर आप यह मैच डिज्नी+हॉटस्टार एप पर देख सकते हैं। वहीं, इस मैच से जुड़ी खबरें Amarujala.com पर पढ़ सकते हैं।