महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 14 फरवरी से इस टूर्नामेंट का आगाज होगा। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, स्टार खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने घरेलू क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। इसकी पुष्टि न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की तरफ कर दी गई।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की तरफ से जारी किया गया बयान
न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने आगामी टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया। उनके इस निर्णय ने गत विजेता आरसीबी को तगड़ा झटका दिया है। न्यूजीलैंड की महिला हाई परफॉरमेंस डेवलपमेंट की प्रमुख लिज ग्रीन ने कहा- 'खिलाड़ियों की भलाई हमारे लिए सर्वोपरि है, यह हर चीज से ज्यादा महत्वपूर्ण है। सोफी को न्यूजीलैंड क्रिकेट प्लेयर्स एसोसिएशन और हमारे अपने हाई परफॉरमेंस यूनिट स्टाफ से बेहतरीन समर्थन मिला है, और हर कोई इस बात पर सहमत है कि यह सबसे अच्छा विकल्प है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सोफी को एक अच्छा ब्रेक मिले, उन्हें अच्छा समर्थन और देखभाल मिले, और वह पेशेवर क्रिकेट में वापसी से पहले पूरी तरह से स्वस्थ और तंदुरुस्त हों।'
आरसीबी को जिताया पहला खिताब
पिछले साल आरसीबी की खिताबी जीत में सोफी डिवाइन ने अहम योगदान दिया था। उन्होंने 10 मैचों में 136 रन और छह विकेट अपने नाम किए थे। अब तक डिवाइन आरसीबी के लिए 18 मुकाबले खेल चुकी हैं। इनमें उन्होंने 402 रन और नौ विकेट हासिल किए हैं।
सोफी मोलिनेक्स भी बाहर हुईं
35 वर्षीय ऑलराउंडर से पहले आरसीबी को सोफी मोलिनेक्स के रूप में तगड़ा झटका लगा था। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की यह गेंदबाज घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। आरसीबी ने इसकी सूचना देते हुए बताया कि मोलिनेक्स की जगह चार्ली डीन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। बता दें कि, इंग्लैंड की स्टार खिलाड़ी डीन ने 39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 विकेट और 138 रन बनाए हैं।