वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली की बल्लेबाजी को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने उन्हें परम सर्वश्रेष्ठ बताया है। उन्होंने कहा कि वह यह लंबे समय से कहते आ रहे हूैं कि विराट परम सर्वश्रेष्ठ हैं।
वर्ल्ड कप 2023 में भारत का प्रदर्शन ग्रुप राउंड में अबतक दमदार रहा है। टीम इंडिया बिना एक भी मैच हारे लगातार जीत की तरफ बढ़ रही है। इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डेन में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शतक जड़ते हुए क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के वनडे शतक की बराबरी कर ली। विराट ने इस मैच में अपना 49वां वनडे शतक जड़ा। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अबतक दो शतक लगा चुके हैं। टीम इंडिया के रन चेजर विराट कोहली की बल्लेबाजी देखते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने उनकी जमकर तारीफ की है।
विज्ञापन
वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली की बल्लेबाजी को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने उन्हें परम सर्वश्रेष्ठ बताया है। उन्होंने कहा, 'मैं यह लंबे समय से कहता आ रहा हूं कि वह परम सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्हें सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी करने या उसे तोड़ने की जरूरत नहीं है। अगर आप उसके बल्लेबाजी के रिकॉर्ड को देखें तो वह अतुलनीय है। उन्होंने सचिन से 175 पारियां कम खेलते हुए 49 वनडे शतक लगाए जो कि अविश्वसनीय है।'
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 326 रन बनाए थे। टीम इंडिया के स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में विराट कोहली और श्रेयस अय्यर का अहम योगदान रहा। जहां विराट ने 121 गेंदों में 101 रन बनाकर नाबाद रहे तो वहीं अय्यर ने 87 गेंदों में 77 रन की पारी खेली। 327 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 83 के स्कोर पर सिमट गई। टीम इंडिया की तरफ से रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट चटकाए। ग्रुप राउंड में भारत का अब आखिरी मुकाबला नीदरलैंड से 12 नंवबर को खेला जाएगा।