वर्ल्ड कप 2023 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल और मोहम्मद शमी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर चुकी है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया बिना एक भी मैच हारे फाइनल में पहुंची है। सेमीफाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
दरअसल, विराट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 117 रनों की पारी खेलकर वनडे में शतकों का आर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने सचिन के वनडे में 49वें शतकों के रिकॉर्ड को तोड़कर वह आगे निकल चुके हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को देखने क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी पहुंचे थे। उन्होंने विराट के 50वें वनडे शतक पर खड़े होकर ताली भी बजाई। वर्ल्ड कप के इस क्षण को फैंस वर्ल्ड कप 2011 के साथ जोड़ रहे हैं।
फैंस को याद आई वर्ल्ड कप 2011
विराट कोहली की शतकीय पारी को देखकर फैंस को वर्ल्ड कप 2011 में सचिन की शतकीय पारी की याद आ गई। वर्ल्ड कप 2011 के ग्रुप मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ टीम टीम इंडिया की तरफ से सचिन तेंदुलकर ने बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में शतकीय पारी खेली थी। इस मुकाबले में सचिन ने वनडे में अपना 47वां शतक लगाया था। सचिन की इस पारी पर विराट कोहली ने खड़े होकर ताली बजाई थी। बता दें कि चिन्नास्वामी स्टेडियम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) का होमग्राउंड है। सचिन ने इसी ग्राउंड पर 115 गेंदों में 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 120 रन की पारी खेली थी।
सचिन के होमग्राउंड पर कोहली का 50वां वनडे शतक
वहीं वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली ने सचिन के होमग्राउंड वानखेड़े में वनडे का 50वां शतक जड़कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, विराट वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था, लेकिन कोहली ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। मुंबई के वानखेड़े में कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 113 गेंदों में 9 चौकों और दो छक्कों की मदद से 117 रनों की पारी खेली।