वर्ल्ड कप 2023 के 37वें मैच में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से हो रहा है। कोलकाता के ईडेन गार्डेन में हो रहा यह मुकाबला विराट कोहली के लिए बेहद खास है। दरअसल, विराट आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर बंगाल क्रिकेट संघ ने खास इंतेजाम किया है। वहीं टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर के जन्मदिन के मौके पर आईसीसी ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में राहुल द्रविड़ और विराट के साथी खिलाड़ियों ने उनके जन्मदिन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आईसीसी ने जारी किया वीडियो
विराट कोहली के जन्मदिन के मौके पर आईसीसी ने टीम इंडिया के सदस्यों का एक वीडिया शेयर किया है। इस वीडियो मं टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ समेत रविचंद्रन अश्विन, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या भी हैं। द्रविड़ ने इस वीडियो में कोहली को लीजेंड करार दिया है। उन्होंने कहा, 'वे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स के लीजेंड हैं. उन्होंने क्रिकेटर्स के लिए बेंच मार्क बदल दिया है।'
वहीं रवींद्र जडेजा ने कहा, 'कोहली ने भारतीय क्रिकेट का डीएनए बदल दिया है। उन्होंने बताया है कि एक बल्लेबाज को किस तरह से खेलना चाहिए।' वहीं टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा, 'विराट के अंदर क्रिकेट को लेकर भूख है। उनके पैशन का कोई मुकाबला नहीं कर सकता।' उनके अलावा टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आईसीसी के अलावा बीसीसीआई और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने भी विराट को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, इरफान पठान और युवराज सिंह ने भी विराट को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। विराट अपने जन्मदिन के मौके पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के वनडे में शतकीय रिकॉर्ड की बराबरी के करीब हैं। विराट ने अबतक वनडे फॉर्मेट में 48 शतक लगा चुके हैं, वहीं क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के नाम 49 शतक दर्ज है।