क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बारत ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराकर फाइनल में पहुंच गई है। यह सेमीफाइनल मुकाबला अब विवादों के घेरे में है। दरअसल, वानखेड़े की पिच को लेकर कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि स्पिनरों की मदद के लिए वानखेड़े की पिच को बदल दिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि मैच के लिए एक नया डेक तैयार किया गया था, लेकिन मुकाबला पुराने सतह पर ही खेला गया। न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में शिकस्त देने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस अफवाहों को बेबुनियाद बताया है।
पिच विवाद पर भड़के सुनील गावस्कर
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने पिच को लेकर उठ रहे सवाल पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, 'सभी मूर्ख जो पिच बदलने की बात कर रहे हैं, वो अब बस करें। भारतीय क्रिकेट को निशाने पर लेना बंद करें। लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ लोग ऐसा करते हैं। ये सब बकवास है। पिच वहीं है, और अगर इसे बदला भी गया तो टॉस से पहले तक दोनों टीमों के लिए वही थी। बीच पारी में इसे बदला नहीं गया। टॉस के बाद भी इसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ।'
उन्होंने आगे कहा, अगर आप एक बेहतरीन टीम हैं तो आप उस पिच पर खेलकर जीत सकते हैं। भारत ने ऐसा कर दिखाया। इसलिए बेकार की चीजें बोलना बंद कीजिए। वे पहले से ही अहमदाबाद की पिच को लेकर बात कर चुके हैं और सेमीफाइनल तो वहां हुआ ही नहीं। वो अहमदाबाद की पिच को लेकर बकवास बातें कर रहे हैं।
पिच बदलने के रिपोर्टों पर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, 'यह एक इस्तेमाल किया हुआ पिच था। इसकी सतह अच्छी थी, जैसा कि हमने देखा। मैच के पहले भाग में टीम इंडिया को इसका भरपूर फायदा मिला। रोशनी के हिसाब से परिस्थितियां बदलती है। मैच के दौरान हमने भी यही देखा।'
उन्होंने आगे कहा, 'भारत ने वास्तव में अच्छा खेला। सेमीफाइनल तक पहुंचकर आगे तक नहीं जाना निराशाजनक है। टीम इंडिया एक सर्वश्रेष्ठ टीम है और टीम के खिलाड़ी भी अपना सर्वश्रेष्ठ खेल रहे थे।'
वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया फाइनल में पहुंच चुकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से विराट कोहली ने एक बार फिर शतकीय पारी खेली। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने भी 105 रनों की पारी खेलकर आउट हुए, वहीं शुभमन गिल ने 80 रनों की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद शमी ने सात विकेट चटकाए।