पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को आरोन फिंच और डेविड वॉर्नर की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन 16.4 ओवर में टीम को वॉर्नर के रूप में पहला झटका लगा। धनंजय डीसिल्वा ने वॉर्नर को क्लीन बोल्ड कर चलता किया। पहले विकेट के लिए वॉर्नर और फिंच के बीच 80 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद 22.6 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को उस्मान ख्वाजा (10) के रूप में दूसरा झटका लगा। यह विकेट भी डीसिल्वा के खाते में गया। उन्होंने ख्वाजा को उदाना के हाथों कैच आउट कराया। 42.4 ओवर में श्रीलंका को आरोन फिंच के रूप में बड़ी सफलता मिली। उदाना ने फिंच को करुणारत्ने के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
फिंच ने 132 गेंदों में 15 चौके और 5 छक्के की मदद से 153 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। फिंच ने 35.2 ओवर में छक्के के साथ अपने वन-डे करियर का 14वां शतक लगाया। उन्होंने 97 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। तीसरे विकेट के लिए फिंच और स्मिथ के बीच 173 रनों की विराट साझेदारी हुई।
फिंच के आउट होने के कुछ ही देर बाद ऑस्ट्रेलिया को स्टीव स्मिथ के रूप में चौथा झटका लगा। लसिथ मलिंगा ने उन्हें अपना शिकार बनाया। उन्होंने 59 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 73 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद इसुरु उडाना ने शॉन मार्श को मिलिंदा सिरिवर्दाना के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ग्लेन मैक्सवेल 46 रन बनाकर नाबाद लौटे।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जेसन बेहरडॉर्फ, केन रिचर्डसन
श्रीलंका: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लाहिरु थिरिमाने, कुसल परेरा (विकेटकीपर), कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डी सिल्वा, थिसारा परेरा, इसुरु उडाना, मिलिंदा सिरिवर्दाना, नुवान प्रदीप, लसिथ मलिंगा