सरफराज अहमद ने कहा है कि 'सेमीफाइनल के लिए जो जरूरत है, हम वह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन हमें वास्तविकता के साथ रहना होगा। अगर अल्लाह ने चाहा तो चमत्कार हो सकता है। यह ऐसा है कि आप 600, 500 और 400 रन बनाए फिर उसी पिच पर विरोधी टीम को 50 रन पर आउट कर दें। अगर आपको लगता है कि यह संभव है तो हम कोशिश कर सकते हैं।'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरफराज ने कहा कि टॉस जीतकर हम बांग्लादेश के खिलाफ 500 का स्कोर खड़ा करने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, 'वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में नेट रन रेट की भरपाई हम नहीं कर पाए। न्यूजीलैंड और हमारे बीच नेट रन रेट का अंतर बहुत ज्यादा है, लेकिन हम बांग्लादेश के खिलाफ 500 रन का स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेंगे और सेमीफाइनल में पहुंचने की पुरजोर कोशिश करेंगे। यदि हमारी किस्मत में चमत्कार होना लिखा है तो जरूर होगा।'
पाकिस्तान को इतने बड़े अंतर से बांग्लादेश को हराना है, जो संभव नहीं लग रहा है, जैसे मान लीजिए कि पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 400 रन बनाता है, तो उसे बांग्लादेश को 82 रन पर ऑल आउट करके 318 रनों की बड़ी जीत हासिल करनी होगी तब कही जा कर पाक सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकता है। अगर पाकिस्तान टॉस हार गया तो उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी मर जाएगी।