महिला वर्ल्ड कप में रविवार (छह मार्च) को भारतीय टीम अपना पहला मैच खेलेगी। उसका मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से माउंट माउंगानुई में होगा। मैच से पहले भारत टीम की कप्तान मिताली राज ने पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ से मिलीं। दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। मिताली ने मुकाबले से पहले कहा कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप में मिलने वाली हर चुनौती के लिए तैयार है।
मिताली ने कहा, "हम एक टीम के रूप में वर्ल्ड कप में खेलने के लिए उत्साहित हैं। यह हमारा पहला मुकाबला होगा। हम यह नहीं सोच रहे हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। हमारा ध्यान इस बात पर है कि सामने वाली टीम तैयार होकर आई है और हमें उन्हें हराकर टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत करनी है। वर्ल्ड कप में हम जब भी खेलते हैं तो मुकाबला कठिन ही होता है।"
मिताली ने इसके आगे कहा, "वर्ल्ड कप में सभी मैच अलग होते हैं, अलग स्थान पर होते हैं, विपक्षी भी अलग होते हैं और परिस्थितियां भी समान नहीं होती हैं। हमने यह तय किया था कि वॉर्म-अप मैच में सबको मौका मिले। इससे सभी खिलाड़ियों को लय हासिल करने में मदद मिली। पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर सभी तैयार हैं। पहले मुकाबले पर हमेशा सबकी नजर होती है।"
भारत और पाकिस्तान की टीमें 2017 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार आमने-सामने होंगी। टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 10 मैच खेली है और हर बार उसे जीत मिली है। मुकाबले से पहले पाकिस्तानी कप्तान बिस्माह ने कहा कि टीम इस मैच के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "हमने अच्छे से तैयारी की है। हमारा वॉर्म-अप मैच भी शानदार रहा था। इसके अलावा पिछले साल से हमने लगातार बेहतर खेल दिए हैं। जिन क्षेत्रों में हमने ठीक नहीं किया है उस पर बात की है। हम बेहतर तरीके से दबाव को झेलने के लिए तैयार हैं।"