वेस्टइंडीज ने अपनी गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड को सुपर सिक्स मुकाबले में 48 रन से चौंकाते हुए आईसीसी महिला विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया।
वेस्टइंडीज ने नौ विकेट पर 207 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने के बाद न्यूजीलैंड की टीम को 44.3 ओवर में 159 रन पर लुढका दिया। वेस्टइंडीज इस जीत के बाद छह अंकों के साथ सुपर सिक्स तालिका में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया। न्यूजीलैंड के खाते में इस हार के बाद चार अंक हैं।
कैरेबियाई टीम को फाइनल में पहले ही पहुंच चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम से बुधवार को खेलना है। इसी दिन न्यूजीलैंड का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दोनों के चार-चार अंक हैं। इन दोनों मुकाबलों के बाद ही यह तय हो पाएगा कि ऑस्ट्रेलिया से फाइनल मुकाबले में भिड़ने वाली टीम कौन सी होगी।