वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर छह विकेट पर 179 रन बनाए। एक समय 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 114 रन था। शाई होप ने 22 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। कप्तान रोवमन पॉवेल ने 22 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 35 रन का योगदान दिया। एलिक अथनाजे ने 21 गेंद में 28 रन और निकोलस पूरन ने 19 गेंद में 19 रन बनाए। वहीं, रोस्टन चेज सात रन और शेरफेन रदरफोर्ड 18 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। रोमारियो शेफर्ड नौ रन और अकील हुसैन तीन रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लिजाड विलियम्स ने तीन विकेट लिए। वहीं, पैट्रिक क्रुगर को दो विकेट मिले और ओटनील बार्टमैन को एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका ने आक्रामक शुरुआत की और चार ओवर के बाद उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन था, लेकिन वह इस अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाया और उसकी पूरी टीम 19.4 ओवर में 149 रन पर आउट हो गई। रेयान रिकेलटन 13 गेंद में 20 रन, रीजा हेंड्रिक्स 18 गेंद में 44 रन, कप्तान एडेन मार्करम नौ गेंद में 19 रन, ट्रिस्टन स्टब्स 24 गेंद में 28 रन और रसी वान डर डुसेन 24 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका।
डोनोवन फरेरा चार रन, क्रुगर छह रन, ब्योर्न फोर्तुइन दो रन और बार्टमैन एक रन बनाकर आउट हुए। लिजाड खाता नहीं खोल सके और मफाका तीन रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, अकील हुसैन को दो विकेट मिले। मैथ्यू फोर्डे और गुडाकेश मोती को एक-एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका को अंतिम चार ओवर में 42 रन की जरूरत थी, लेकिन उसकी पारी लड़खड़ा गई। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज रीज़ा हेंड्रिक्स ने 18 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, जिसमें उनकी टीम के छह छक्कों में से दो छक्के शामिल हैं।