सम्मान बचाने की लड़ाई में ऑस्ट्रेलियाई टीम का चौथे व अंतिम टेस्ट में कौन मुखिया होगा यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने बुधवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया लेकिन ओपनिंग बल्लेबाज एड कॉवन की मानें तो क्लार्क ने अपने खेलने की उम्मीदें खारिज नहीं की हैं।
वहीं स्थाई कप्तान के नहीं खेलने की स्थिति में दंडित किए गए शेन वाटसन का कप्तान बनना तय है। वाटसन ने जमकर अभ्यास किया साथ ही कोच मिकी आर्थर के साथ लंबी बात भी की। यही नहीं उन्होंने स्टीवन स्मिथ को बल्लेबाजी के कई गुर भी बताए।
कप्तान क्लार्क आज अभ्यास सत्र में फिरोजशाह कोटला पहुंचे जरूर लेकिन वह ज्यादातर समय बैठे रहे या फिर कोच के साथ बातचीत करते रहे। लेकिन कॉवन का कहना है कि क्लार्क इन स्थितियों से बखूबी वाकिफ हैं। उनके साथ बेहतरीन मेडिकल स्टाफ लगा हुआ है।
उन्होंने खुद उनसे कहा है कि उन्होंने खेलने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। कॉवन को लगता है कि क्लार्क अपने कैरियर में इस तरह की स्थितियों का सामना करते रहे हैं। इस लिए वह अगर यह टेस्ट खेल लें तो बड़ी बात नहीं होगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शेन वाटसन को अगर कप्तानी की जिम्मेदारी मिलती है तो यह उनके लिए अच्छा होगा। वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं और टीम के उप कप्तान भी हैं।
उम्मीद की जा रही है कि कल के अभ्यास सत्र के बाद क्लार्क के खेलने पर स्थिति साफ हो सकती है। क्लार्क अगर खेलते हैं तो अंतिम एकादश का चयन भी मुश्किल होगा। जिन चार खिलाड़ियों को कोच ने दंडित किया था उनमें से वाटसन और पैटिंसन का खेलना तय है। लेकिन फिल ह्यूज और स्मिथ की पारियों के बाद इनमें किसकी बलि दी जाएगी यह देखने वाली बात होगी।