इसके बाद वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने शानदार कैच लेकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। एसआरएच की पारी के 15वें ओवर में ब्रावो ने कमाल का कैच लिया और खतरनाक बल्लेबाज यूसुफ पठान को डगआउट लौटाया।
पठान उस समय 24 रन बनाकर खेल रहे थे। ब्रावो की फुल लेंथ की गेंद पर पठान ने दम से स्ट्रेट ड्राइव लगाई। मगर ब्रावो के रिफ्लेक्स ने उन्हें हैरान कर दिया। कैरीबियाई ऑलराउंडर ने अपने दाएं और डाइव लगाते हुए दोनों हाथों से बेहतरीन कैच लिया और हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया।
कैच पकड़ने के बाद ब्रावो ने अपने नए डांस मूव 'रन द वर्ल्ड' की स्टाइल की और मैदान में जोश की लहर फैला दी। ब्रावो का यह कैच तो 'सुपर से भी ऊपर' रहा ही, साथ ही उनके इस वीडियो ने भी सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
बहरहाल, आपको बता दें कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने फाफ डू प्लेसी (62*) की बेहतरीन पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए आईपीएल 2018 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। जिसके जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 8 विकेट खोकर 5 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।