आईपीएल में 2022 में गुजरात की टीम अंक तालिका में सबसे ऊपर है। इस टीम ने 10 में से आठ मैच जीते हैं। गुजरात की जीत की सबसे बड़ी वजह यह है कि हर मैच में इस टीम को नया हीरो मिलता है। पंजाब के खिलाफ भले ही गुजरात को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच में भी टीम को नया हीरो मिला। सभी बल्लेबाजों के फेल होने के बाद साई सुदर्शन ने नाबाद 65 रन बनाए और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। यह आईपीएल में उनका पहला अर्धशतक था। हालांकि, यह पहला मौका नहीं था, जब साई सुदर्शन ने अपनी बल्लेबाजी से छाप छोड़ी हो। इससे पहले वो घरेलू स्तर पर कई बार कमाल कर चुके हैं।
साल 2021 में तमिलनाडु प्रीमियर लीग में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी और टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने आठ पारियों में 358 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 71.60 का था। उन्होंने तमिलनाडु के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में भी कमाल का प्रदर्शन किया था।