ओशाने थॉमस (5 विकेट) और क्रिस गेल (77 रन) के धमाकेदार प्रदर्शनों की मदद से वेस्टइंडीज ने शनिवार को पांचवें व अंतिम वन-डे में इंग्लैंड को 227 गेंदें शेष रहते सात विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ कैरेबियाई टीम ने पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर की। याद हो कि सीरीज का तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ा था।
बता दें कि ग्रोस आइलेट में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और उसकी पूरी टीम 28.1 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। जवाब में वेस्टइंडीज ने 12.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। थॉमस को मैन ऑफ द मैच जबकि गेल को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।
वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने शनिवार को ग्रोस आइलेट में टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। होल्डर के फैसले को गेंदबाजों ने एकदम सही साबित किया और इंग्लैंड को महज 113 रन पर समेट दिया। ओशाने थॉमस के अलावा कप्तान जेसन होल्डर और कार्लोस ब्रेथवेट ने दो-दो जबकि शेल्डन कोटरल ने एक विकेट लिया।
इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स (23) और जोस बटलर (23) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन इनके अलावा कोई बल्लेबाज उपयोगी योगदान नहीं दे सका। इंग्लिश टीम के चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
थॉमस ने इंग्लिश कप्तान इयोन मॉर्गन (18), जोस बटलर (23), मोइन अली (12), क्रिस वोक्स और टॉम करन को अपना शिकार बनाया। वोक्स और करन खाता भी नहीं खोल सके। होल्डर ने जो रूट (1) और आदिल राशिद को पवेलियन भेजा। ब्रेथवेट ने एलेक्स हेल्स (23) और बेन स्टोक्स (15) का शिकार किया। कोटरल ने जॉनी बेयरस्टो (11) को आउट किया।
114 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को क्रिस गेल ने तूफानी पारी खेलकर आसान जीत दिलाई। गेल ने सिर्फ 27 गेंदों में पांच चौके और 9 छक्के की मदद से 77 रन बनाए। उन्हें मार्क वुड ने बोल्ड किया। डैरेन ब्रावो और शिमरोन हेटमायर ने विंडीज की जीत पर मुहर लगाई।
गेल ने एक सीरीज में सबसे ज्यादा 39 छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सीरीज में कुल 424 रन बनाए और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।
बता दें कि इससे पहले वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को 2-1 से पराजित किया था। अब दोनों देशों के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला मंगलवार को ग्रोस आइलेट में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच देर रात एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।