मार्लन सैमुअल्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए त्रिकोणीय सीरीज के पांचवें मैच में वेस्टइंडीज को चार विकेट से शानदार जीत दिलाई।
सैंट कीट्स के वार्नर पार्क में सोमवार को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान ख्वाजा (98), कप्तान स्टीव स्मिथ (74) और जॉर्ज बैली (55) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत सात विकेट पर 265 रन बनाए।
जवाब में सैमुअल्स के 92 रन की बदौलत वेस्टइंडीज ने 26 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले, सैमुअल्स का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 वनडे मैचों में 63 सर्वश्रेष्ठ रन था।
सैमुअल्स ने 87 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने डेरेन ब्रावो (39) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की जबकि दिनेश रामदीन (29) के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। अब वेस्टइंडीज का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
इससे पहले, चोटिल डेविड वॉर्नर की जगह ख्वाजा को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने का फायदा ऑस्ट्रेलिया को मिला। एरोन फिंच पहले ओवर में ही आउट हो गए। इसके बाद स्मिथ और ख्वाजा ने दूसरे विकेट के लिए 170 रन की साझेदारी की।