न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का पहला दिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नील वैगनर के नाम रहा। वैगनर ने 39 रन देकर 7 विकेट झटके। वैगनर की इस तूफानी गेंदबाजी की बदौलत मेजवान टीम ने वेस्टइंडीज की पहली पारी 45.4 ओवर में मात्र 134 रन पर ही समेट दी।
वहीं इसके जवाब में उतरी न्यूजीलैंड की भी शुरूआत अच्छी नहीं रही। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 2 विकेट खोकर 85 रन बना लिए हैं।
मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की फैसला किया। उनके इस फैसले को टीम के गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए वेस्टइंडीज की पहली पारी मात्र 134 पर ही ढेर कर दी।
वेस्टइंडीज की ओर से सबसे अधिक रन सलामी बल्लेबाज कयरान पॉवेल ने बनाए। पॉवेल ने 79 गेंद पर 8 चौकों की मदद से 42 रन की पारी खेली। इसके अलावा एक भी बल्लेबाज ऐसा नहीं था जिसने कीवी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला करने की हिम्मत दिखाई हो।
ये भी पढ़ेंः इस कैरीबियाई खिलाड़ी के गेंदबाजी एक्शन को मिली आईसीसी की हरी झंडी
कीवी गेंदबाजों की बात करें तो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नील वैगनर ने 7 विकेट लिए। इसके अलावा ट्रेंट बोल्ट ने 2 और एक वेस्टइंडीज रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
वेस्टइंडीज पर बड़ी लीड लेने के इरादे से उतरी कीवी टीम की शुरूआत भी खराब रही। सलामी बल्लेबाज टॉम लैथम 37 रन बनाकर तेज गेंदबाज जेनस होल्डर के शिकार हुए। इसके बाद आए कप्तान केन विलियमसन मात्र 1 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए। विलियमसन का विकेट कीमर रोच ने होप के हाथों कैच आउट करवाया। फिलहाल क्रीच पर जीत रावल 29 और रॉस टेलर 12 रन बनाकर क्रीच पर टीके हुए हैं।