अक्षर पटेल की शानदार पारी भी भारत ए को वेस्ट इंडीज ए के खिलाफ पांच अनाधिकारिक एकदिवसीय मैचों की सीरीज के चौथे मैच में जीत नहीं दिला पाई। भारत को इस मैच में 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। इस दौरे पर भारत ए को पहली हार का सामना करना पड़ा।
पटेल की 63 गेंदों पर 81 रनों की पारी भी भारत ए को 299 के लक्ष्य तक नहीं पहुंचा पाई। वेस्टइंडीज ए के 9/298 के स्कोर के जवाब में भारत ए का शीर्ष क्रम असफल रहा। टीम 9 विकेट पर 293 रन ही बना पाई। अक्षर ने अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया। सुंदर और क्रुणाल पंड्या ने 45-45 रनों की पारी खेली। कप्तान मनीष पांडे ने 24 रन बनाए।
टीम का स्कोर एक समय पर छह विकेट पर 160 रन था। इसके बाद अक्षर ने सातवें विकेट के लिए वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर 70 रनों की साझेदारी की। खलील अहमद और नवदीप सैनी के तीन गेंदों के अंतराल पर आउट होने के बाद मैच में वेस्टइंडीज ने वापसी कर ली। भारतीय टीम को आखिरी ओवर में 9 रन चाहिए थे लेकिन वह तीन ही बना सकी।
इससे पहले वेस्ट इंडीज ने रोस्टर चेज (84), डेवन थॉमस ने 70 और जोनाथन कार्टर ने 50 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान सुनील एम्ब्रीस ने 46 रन बनाए। खलील ने 67 रन देकर चार और आवेश खान ने 62 रन देकर तीन विकेट लिए। सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच 21 जुलाई रविवार को खेला जाएगा।