कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-25 क्रिकेट मैच के पहले दिन फर्स्ट हाफ बंगाल के नाम रहा। वहीं दूसरे हाफ में चार विकेट लेकर यूपी ने वापसी की। कप्तान श्रीवत्स की शतकीय पारी की बदौलत बंगाल ने पहले दिन छह विकेट पर 242 रन बनाए। यूपी की ओर से सर्वाधिक तीन विकेट अंकित सिंह राजपूत ने लिए।
मैच का उद्घाटन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति विक्रम चंद गोयल, मेरठ कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एनपी सिंह, सुभारती यूनिवर्सिटी के फाउंडर प्रेसीडेंट डॉ. अतुल कृष्णा ने किया। यूपी के कप्तान प्रशांत गुप्त ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
अंकित सिंह राजपूत ने मैच के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर ही पूरब जोशी को क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद कप्तान श्रीवत्स गोस्वामी और अभिषेक दास ने जमकर बल्लेबाजी की। श्रीवत्स ने तेजी से रन बनाए और 26वें ओवर में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। दोनों ने मिलकर 143 गेंदों पर 111 रनों की मैच के सबसे लंबी साझेदारी की। लंच से पहले आखिरी गेंद पर अभिषेक को 47 रन के स्कोर पर अंकित की गेंद पर विकेटकीपर जाहिद अली ने लपक लिया।
लंच के बाद 58वें ओवर में श्रीवत्स ने 15 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। कुछ ही देर बाद अंकित की गेंद पर श्रीवत्स का बेहतरीन कैच कप्तान प्रशांत ने लपक लिया। श्रीवत्स ने 185 गेंदों पर 103 रन बनाए। इसके बाद सुदीप चटर्जी 121 गेंदों पर 31 रन बनाकर अक्षदीप नाथ के सटीक थ्रो के चलते रन आउट हो गए।
रोहित चौधरी और अंकित मिश्रा ने जल्दी-जल्दी संदीपन और सयन शेखर मंडल को आउट कर दिया। दूसरे हाफ में चार विकेट खोने से बंगाल बैकफुट पर आ गया। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर बंगाल ने 90 ओवर में छह विकेट पर 242 रन बनाये। आलोक शर्मा नाबाद चार रन और अमित मिश्रा पिच पर टिके हैं।