जिम्बाब्वे दौरे पर मिली टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद युवा कप्तान विराट कोहली ने बताया कि वे सीरीज के दौरान महेंद्र सिंह धोनी से लगातार एसएमएस के जरिए टिप्स लेते रहे थे।
टीम इंडिया को जिम्बाब्वे में 5-0 की ऐतिहासिक क्लीन स्वीप दिलाने वाले युवा कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इस दौरे के दौरान नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एसएमएस कर टिप्स लिए।
कोहली ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में सिंथोल के चैलेंज विराट एक्टिवेशन के साथ फाइनलिस्टों की चुनौती का सामना करने के बाद कहा, 'कप्तान धोनी जब छुट्टी पर होते हैं तो उनसे संपर्क कर पाना बहुत मुश्किल काम होता है। वह अपना फोन तक नहीं उठाते हैं।' कोहली के अनुसार छ्ट्टी के दौरान धोनी से एसएमएस के जरिए संपर्क बना रहा।
युवा कप्तान ने कहा, 'मैंने जिम्बाब्वे दौरे के दौरान धोनी को एसएमएस कर टिप्स लिए। इस दौरे पर जाने से पहले मैंने उनसे काफी सलाह-मशविरा किया था और उनसे मैंने जो सीखा था वह इस सीरीज में काम आया।'
पहली बार किसी सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई करते हुए कोहली ने टीम इंडिया को 5-0 से जीत दिलाई थी। विदेशी धरती पर 5-0 से भारत ने पहली बार जीत हासिल की थी।
ऐतिहासिक जीत के साथ बतौर कप्तान अपनी काबिलियत साबित करने वाले विराट ने कहा, 'वेस्ट इंडीज में त्रिकोणीय सीरीज के दौरान मैंने जब कुछ मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी संभाली थी तो धोनी उस दौरान वहां मौजूद थे और वह लगातार हमारा मार्गदर्शन करते रहे थे। मुझे उम्मीद है कि अब मैं उनसे जल्द ही मिलूंगा और आगे के लिए बातचीत करूंगा।'
कोहली की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे में पांच मैच जीतने के अलावा वेस्टइंडीज में भी दो मैच जीते हैं।