बांग्लादेश को बुधवार को निदाहास टी20 ट्रॉफी में टीम इंडिया के हाथों 17 रन की शिकस्त का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश के कप्तान महमुदुल्लाह ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 176 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी।
बांग्लादेश की टीम लक्ष्य का पीछा करने के दौरान शुरुआत से ही बैकफुट पर नजर आई। उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज पॉवरप्ले के अंदर ही पवेलियन लौट गए। मैच गंवाने से निराश बांग्लादेशी कप्तान महमुदुल्लाह ने कहा, 'हमने प्रयास किया, लेकिन किसी एक बल्लेबाज को योगदान देने की जरुरत थी। हमें आक्रामक शुरुआत चाहिए थी, लेकिन जल्दी विकेट गंवाने से लय बिगड़ गई।'
महमुदुल्लाह ने आगे कहा, 'अगर हम एक ओवर में 10 रन से कम खर्च करते तो भी जीत सकते थे। गेंदबाजी के समय हमारी योजना ज्यादा से ज्यादा यॉर्कर गेंदें डालने की थी, लेकिन हम इस पर पर्याप्त काम नहीं कर सके।'
हालांकि, महमुदुल्लाह ने श्रीलंकाई टीम को मैच से पहले कड़ी चुनौती दी है। उन्होंने कहा, 'हमारा पूरा ध्यान
श्रीलंका के खिलाफ मैच पर लगा है। हम उनके लिए मुश्किलें खड़ी करेंगे और मुकाबला जीतकर फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेंगे।'