एंजेलो मैथ्यूज और शाकिब अल हसन
- फोटो : सोशल मीडिया
श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें विश्व कप के 38वें मैच में आमने-सामने हुईं। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबले के दौरान एक बड़ा विवाद देखने को मिला। श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज को टाइम आउट करार दिया गया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में टाइम आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बने। इस पूरे मामले में कुछ लोग सोशल मीडिया पर मैथ्यूज की गलती बता रहे हैं, तो कुछ लोगों ने बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन की खेल भावना पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, 25वें ओवर की दूसरी गेंद पर सदीरा समरविक्रमा आउट हुए तो एंजेलो मैथ्यूज बल्लेबाजी के लिए आए। मैथ्यूज जब पिच पर आए तो वह गलत हेलमेट लेकर आ गए थे। उन्होंने सब्सीट्यूट खिलाड़ी को दूसरा हेलमेट लाने को कहा। इस कारण अंपायर और बांग्लादेशी खिलाड़ियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वह तय समय पर स्ट्राइक नहीं ले पाए। शाकिब ने टाइम आउट की अपील कर दी। अंपायर ने मैथ्यूज को आउट कर दे दिया।
शाकिब ने वापस नहीं ली अपील
मैथ्यूज ने शाकिब अल हसन से बात की। शाकिब ने अपील वापस नहीं ली। मैथ्यूज उसके बाद गुस्से में पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने डग आउट में हेलमेट और ग्लव्स फेंक दिए। श्रीलंकाई कोच क्रिस सिल्वरवुड भी इस पूरे वाकये से काफी नाराज नजर आए।
क्या कहता है नियम?
क्रिकेट के नियम बनाने वाले मिरिलिबोन क्रिकेट क्लब के अनुसार विकेट गिरने या बल्लेबाज के रिटायर होने के बाद, आने वाले बल्लेबाज को तीन मिनट के अंदर गेंद खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो आने वाला बल्लेबाज टाइम आउट हो जाएगा। वहीं, वनडे विश्व कप 2023 के नियम के अनुसार विकेट गिरने के बाद नए बल्लेबाज को दो मिनट के अंदर गेंद खेलनी होती है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी इसी तरह से आउट हो गए थे। हालांकि, तब दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ ने अपनी अपील वापस ले ली थी और गांगुली आगे भी खेलते रहे थे। इस मैच में शाकिब अल हसन ने अपील वापस नहीं ली और मैथ्यूज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टाइम आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने।
सोशल मीडिया पर आए रिएक्शन: