जाफर ने बारिश के कारण हो रही देरी को लेकर द्रविड़ को ट्रोल किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- जब आप एक निश्चित उम्र के बाद ससुराल जाते हैं, तो जरूरी नहीं कि चीजें समय पर शुरू हों। इसके साथ ही उन्होंने हंसने का इमोजी बनाया है और #राहुल द्रविड़, #नागपुर और #INDvsAUS लिखा है।
द्रविड़ की पत्नी विजेता का जन्म नागपुर में हुआ था। विजेता के पिता रिटायरमेंट के बाद परिवार समेत नागपुर में ही बस गए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टी20 मैच भारत के लिए महत्वपूर्ण था। टीम इंडिया के लिए यह मैच करो या मरो वाला था। भारतीय टीम को मोहाली में खेले गए पहले टी20 में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे टी20 को भारत ने छह विकेट से जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दिया। अब 25 सितंबर को हैदराबाद में निर्णायक मैच खेला जाएगा।
पहले टी20 में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट पर 208 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने कैमरून ग्रीन और मिडिल ऑर्डर में मैथ्यू वेड की धमाकेदार पारियों से जीत हासिल की।
दूसरा टी20 आठ ओवर का हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 90 रन बनाए। जवाब में भारत ने 7.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। यह सीरीज 2022 टी20 विश्व कप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए तैयारी का एक बेहतरीन मौका है।