अनुभवी बल्लेबाज वसीम जाफर ने इतिहास रच दिया। विदर्भ की ओर से खेलते हुए दाएं हाथ का यह खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी में 12 हजार रन पूरे करने वाला पहला बल्लेबाज बन गया। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सत्र में केरल के खिलाफ उन्होंने यह कीर्तिमान स्थापित किया।
41 साल के जाफर ने यह उपलब्धि नागपुर में विदर्भ की ओर से खेलते हुए हासिल की। रणजी ट्रॉफी में 150 से ज्यादा मैच खेलने और सर्वाधिक 40 शतक का रिकॉर्ड भी उन्हीं के ही नाम है।
टीम इंडिया के लिए 31 टेस्ट और 2 वन-डे खेलने वाले मुंबई के वसीम जाफर ने घरेलू क्रिकेट में 1996-97 में डेब्यू किया था। वसीम के नाम इंटरनेशनल टेस्ट में 34.10 की औसत से 1944 रन दर्ज हैं, जिनमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। वन-डे में उन्होंने सिर्फ 10 ही रन बनाए हैं।