भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर टीम के लिए अपना 100 प्रतिशत देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और उनकी नजरें रवींद्र जडेजा की जगह भरने पर नहीं टिकी हैं। जडेजा ने हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। सुंदर ने साथ ही कहा कि उन्हें भारत की टी20 टीम में स्पिन ऑलराउंडर की जगह के लिए दावा पेश करने के लिए अपना शत प्रतिशत देने की जरूरत है।
सुंदर ने किया है प्रभावशाली प्रदर्शन
सुंदर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया था। सुंदर ने चार ओवर के अपने स्पैल में 15 रन देकर तीन विकेट झटके थे। सुंदर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करके खुद को साबित किया है। जडेजा के संन्यास लेने के बाद इस बात की चर्चा जोरों पर है कि टी20 में भारतीय टीम में उनकी जगह कौन सा खिलाड़ी लेगा। इस साल आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सुंदर की जगह नीतीश रेड्डी ने ली थी, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ सुंदर भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे थे।
'मुझे अपना शत प्रतिशत देने की जरूरत'
यह पूछे जाने पर कि क्या वह जडेजा की अनुपस्थिति में उनकी जगह लेने के लिए तैयार हैं? इस पर सुंदर ने कहा, मुझे अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है जिसमें मैं अच्छा हूं और जो मैं कर सकता हूं। मुझे हर दिन अपना शत प्रतिशत देने की जरूरत है। मैंने इस पर कोई समझौता नहीं किया है। मुझे वहां अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है जहां मैं अच्छा हूं और जिसमें मैं सक्षम हूं। तैयारी की वजह से ही मैं यहां हूं और मुझे अपनी प्रतिभा पर भरोसा है। मेरे लिए भारत का प्रतिनिधित्व करना बड़ा अवसर है और मैं इसके लिए खुद को भाग्यशाली समझता हूं। मुझे अपना काम लगातार जारी रखना होगा और तैयारी करते रहना होगा तथा बेहतर होते जाना होगा। इस तरह हर चीज का ख्याल रखा जाएगा।
भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त
शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। जिम्बाब्वे ने पहले मैच में भारत को हराया था, लेकिन टीम इंडिया ने वापसी करते हुए अगले दोनों मैच जीत लिए हैं। दोनों टीमों के बीच सीरीज का अंतिम दो मैच शनिवार और रविवार को हरारे में ही खेले जाएंगे।