भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज में अभी समय है, लेकिन दोनों टीमों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम भी भारत को उसके घर में हरा कर पिछली सीरीज हार का बदला लेना चाहेगी। हालांकि, इस सीरीज में कंगारू ओपनर डेविड वॉर्नर के खेलने पर संशय बना हुआ है। वॉर्नर इस साल टेस्ट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और कई लोगों का मानना है कि उनका टेस्ट करियर खत्म हो चुका है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने कहा है कि इस प्रारूप में खराब प्रदर्शन के बावजूद वॉर्नर का भारत के खिलाफ खेलना तय है।
वार्नर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में सिर्फ 25.5 के औसत से रन बनाए और 2022 में नौ टेस्ट मैचों में उनका औसत 23 का रहा है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई कोच का मानना है कि वॉर्नर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और भारत में कमाल कर टेस्ट टीम फिर अपनी जगह पक्की कर लेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मैकडोनाल्ड ने कहा कि यह देखने वाली बात होगी कि वॉर्नर कैसा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन फिलहाल वह हमारे प्लान का हिस्सा हैं। 36 साल के वार्नर अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर है और पहले ही कह चुके हैं कि वह इस सीजन के बाद अपने टेस्ट क्रिकेट के भविष्य पर फैसला करेंगे।
मैकडॉनल्ड ने कहा, अगर हम उन्हें चुनते रहे और वह रन बनाते हैं तो आप जानते हैं कि वह वापस आ चुके हैं। और यदि आप उन्हें चुनते रहते हैं और वह रन नहीं बनाते हैं तो शायद वह फीके पड़ गए हैं। मुझे लगता है कि यह उतना ही सरल है। वह फिलहाल हमारी योजनाओं में है, और हम देखेंगे कि वहां से क्या सामने आता है।"
कोच ने कहा कि वह वॉर्नर की मौजूदा फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा "उनके भीतर रनों की भूख अभी भी है। वह क्रीज पर व्यस्त रहते हैं । उन्होंने कोई संकेत नहीं दिया है और वह खेलते रहना चाहता हैं। हम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिये खेल रहे हैं और वह इसका हिस्सा बनना चाहते हैं । दक्षिण अफ्रीका के बाद भारत का दौरा है तो फिलहाल किसी और चीज का कोई संकेत नहीं है।’’
ऑस्ट्रेलिया चार टेस्ट और तीन वनडे के लिए भारत का दौरा करेगा। यह दौरा नौ फरवरी से नागपुर में शुरू होगा।