टेस्ट सीरीज से पहले के अभ्यास मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और कप्तान विराट कोहली समेत 3 बल्लेबाजों ने फिफ्टी ठोंक दी।
3 दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अध्यक्ष एकादश ने एक विकेट पर 26 रन बना लिए है। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम 158 रन पीछे है। इससे पहले भारतीय टीम 364 रन बनाकर आउट हो गई थी। बल्लेबाजों ने काफी सधे हुए अंदाज अभ्यास किया।
टेस्ट से पहले अभ्यास मैच में जीत के लिए तीसरे और अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों को शानदार गेंदबाजी करनी होगी और 9 विकेट झटकने होंगे। पहला अभ्यास मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। 21 से एंटीगा में होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व भारतीय टीम के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने में कारगर हो सकती है।
दूसरी पारी में मेजबान टीम को झटका आर अश्विन ने दिया। कप्तान ल्योन जॉनसन (17) का विकेट गिरने के साथ ही दूसरे दिन का खेल खत्म कर दिया गया। इससे पहले शुरुआती दिन भी भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का विकेट गिरते ही मैच को खत्म करा दिया गया था।