विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के सौ फीसदी रिकॉर्ड को तूल नहीं देते हुए वकार ने कहा कि उनकी टीम को 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी से प्रेरणा लेनी चाहिए जिसमें फाइनल में उसने भारत को हराया था। उन्होंने लिखा ,'पाकिस्तान को उस मैच से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच के साथ उतरना चाहिए।'
पूर्व कप्तान और कोच ने कहा ,'मैने विश्व कप में अभी तक देखा है कि शुरुआती विकेट जल्दी नहीं लेने पर परेशानी आती है। नई गेंद अहम है और सलामी बल्लेबाजों को पहले दस ओवर काफी संभलकर खेलने पड़ रहे हैं।'
वकार ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में पाकिस्तान नई गेंद से नाकाम रहा। उन्होंने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में नई गेंद से पाकिस्तान ने निराश किया। बाद में मोहम्मद आमिर को दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला।' आमिर ने उस मैच में पांच विकेट लेकर शानदार वापसी की।
वकार ने कहा ,'क्या कमाल का प्रदर्शन था और इसके लिए उसकी जितनी तारीफ की जाये, कम है। उसने नई गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने अच्छी वापसी की और 25वें ओवर के बाद विकेट लेने शुरू किए।'
टीम संयोजन के बारे में वकार ने कहा, 'मिकी आर्थर इस मैच के लिए टीम में बदलाव कर सकते हैं। वह मैच के हिसाब से रणनीति बनाते हैं जो सही भी है। तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर उन्होंने चार को उतारा। अब देखना होगा कि पिच कैसी है।'