वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स ने भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल की तारीफों के पुल बांधे हैं। उन्होंने कहा कि, गिल उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। वह शानदार बल्लेबाज हैं। बता दें कि, कैरेबियाई दिग्गज रिचर्ड्स इन दिनों दिल्ली में हैं। फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज जारी है जिसका पहला मुकाबला भारतीय टीम जीतकर 1-0 से आगे चल रही है।
दिल्ली वापसी से खुश हैं रिचर्ड्स
वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स से भारत में वापसी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, 'भारत में दोबारा आना बहुत अच्छा लग रहा है। इस विशेष स्थान, दिल्ली के बारे में मेरी कुछ भावनाएं हैं, क्योंकि मैंने टेस्ट मैचों में अपना पहला मैच यहीं खेला था। मुझे यहां आकर अच्छा लगता है।'
भारत ने जीता पहला टेस्ट
वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला गया था। भारत ने यह मुकाबला पारी और 140 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। यह जीत भारत ने मुकाबले के तीसरे ही दिन अपने नाम कर ली। भारत ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की और वेस्टइंडीज पर 286 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। जवाब में मेहमान टीम पूरी तरह बिखर गई और शनिवार को पूरे दो सत्र भी नहीं टिक सकी। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 146 रन पर सिमट गई।
पहले मैच में वेस्टइंडीज की हार पर रिचर्ड्स ने कहा, 'हम बस यही उम्मीद कर रहे हैं कि वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे, प्रतिस्पर्धी बनेंगे, और जब तक वे प्रतिस्पर्धी बने रहेंगे, चीज़ें ठीक हो जाएंगी। हालांकि, भारत ने पहला मैच जीत लिया फिर भी मुझे अपने खिलाड़ियों पर भरोसा है... मैं टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा हूं।'
गिल और कोहली के कायल हैं सर रिचर्ड्स
इस दौरान रिचर्ड्स ने भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं। वह शानदार बल्लेबाज हैं। इस दौरान पूर्व खिलाड़ी ने विराट कोहली पर भी चर्चा की। जब उनसे आगामी ऑस्ट्रेलिया सीरीज में नए भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और भारत के दिग्गज विराट कोहली के खेलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'यह फैसला टीम चुनने वालों पर निर्भर करता है, लेकिन मैं आपको बता सकता हूं कि गिल मेरे पसंदीदा हैं, वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। हर कोई जानता है कि मैं विराट कोहली के खेलने के तरीके का कायल हूं, मुझे लगता है कि बस यही बात है।'