केएल राहुल-जसप्रीत बुमराह-शुभमन गिल-अक्षर पटेल
- फोटो : ANI (videograb)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला 10 अक्तूबर से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भारतीय खिलाड़ियों और टीम के सपोर्ट स्टाफ को अपने घर डिनर के लिए आमंत्रित किया। बुधवार को भारतीय टीम शुभमन गिल के नेतृत्व में कोच के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर पहुंची।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
पहला टेस्ट जीतकर भारत ने बनाई 1-0 से बढ़त
वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला गया था। भारत ने यह मुकाबला पारी और 140 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। यह जीत भारत ने मुकाबले के तीसरे ही दिन अपने नाम कर ली। भारत ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की और वेस्टइंडीज पर 286 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। जवाब में मेहमान टीम पूरी तरह बिखर गई और शनिवार को पूरे दो सत्र भी नहीं टिक सकी। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 146 रन पर सिमट गई।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
WTC की अंक तालिका का हाल
भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में एक और महत्वपूर्ण जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न केवल अपने अंक बढ़ाए बल्कि अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मजबूती से जगह बना ली है। हालांकि, शीर्ष-दो के लिए अभी भारतीय टीम को और लड़ाई लड़नी है। ताजा स्थिति के अनुसार, भारत ने अब तक छह मुकाबले खेले हैं, जिनमें से तीन जीते, दो हारे और एक ड्रॉ रहा। इसके चलते भारत के पास कुल 40 अंक हैं और उसका अंक प्रतिशत 55.56% हो गया है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही। टीम ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं और सभी में हार झेली है। वेस्टइंडीज का खाता अब तक नहीं खुला और वह 0 अंक के साथ छठे पायदान पर है।