भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने बताया है कि मैदान पर उनका सबसे बेहतरीन दोस्त कौन होता है। क्रिकबज के साथ एक विडियो इंटरव्यू में सहवाग ने मोहम्मद कैफ के साथ बातचीत के दौरान बताया कि वह ग्राउंड पर किसे अपना फ्रेंड बनाने में फायदा समझते थे।
सहवाग ने बताया कि वह अंपायर को अपना दोस्त बनाने में काफी दिलचस्पी रखते थे। उन्होंने इस बारे में खुलासा करते हुए कहा कि अंपायर ही मैच के दौरान सबसे अहम शख्स होता है। सहवाग ने इस इंटरव्यू में कहा कि मैच में अहम है कौन, ना दूसरी टीम ना ही अपनी टीम खास है बल्कि अंपायर सबसे खास हैं। आउट उसको देना है, अगर तुम आउट हो गए तो नो बॉल भी वही देगा। तुम्हें बाहर जाना है तो एक्स्ट्रा फील्डर भी अंपायर ने ही देना है।
सहवाग के बारे में कैफ ने बताया कि वह मैच के दौरान अंपायर से काफी बातचीत करते थे। उन्होंने साथ ही बताया कि हाल में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में भी वह साइमन टॉफेल से काफी बातचीत करते हुए नजर आए थे।
104 टेस्ट, 251 वन-डे और 19 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके सहवाग ने मजाक करते हुए कहा कि उनसे यारी-दोस्ती में ही इंटरव्यू लिए जा सकते हैं। ये भी एक कला है। यारी-दोस्ती में सब काम होते हैं। सहवाग का इंटरव्यू लेना है तो वैसे तो अफॉर्ड करना मुश्किल है लेकिन यारी-दोस्ती में काम बन सकता है।