स्टार बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग एक बार फिर दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए उपलब्ध नहीं हैं। न तो इस धुरंधर बल्लेबाज ने शुक्रवार को टीम के साथ अभ्यास सत्र में भाग लिया और न ही वह राजस्थान रॉयल्स के साथ शनिवार को होने वाले मुकाबले में उतरने जा रहे हैं।
सहवाग स्टेडियम जरूर आए। सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र की शुरुआत होते ही दिल्ली स्टार खिलाड़ियों की चोटों से घिर गई है।
हालांकि केविन पीटरसन चोट के बावजूद अपने साथियों का हौसला बढ़ाने के लिए टीम के साथ जुड़ गए हैं। वहीं राहुल द्रविड़ की अगुआई में राजस्थान रॉयल्स के लिए भी बुरी खबर है। द्रविड़ ने खुद घोषणा कर दी है कि वाटसन शुक्रवार की रात यहां पहुंच जरूर रहे हैं लेकिन श्ानिवार के मैच में नहीं खेलेंगे।
कोलकाता नाइटराइडर्स से आईपीएल-6 का पहला मुकाबला हार चुकी दिल्ली के लिए फिर अच्छी खबर नहीं है। टीम के स्टार बल्लेबाज डेविड वार्नर ने खुलासा किया कि सहवाग की पीठ की समस्या में सुधार हो रहा है। उनके साथ फिजियो लगातार काम कर रहे हैं। लेकिन शनिवार को वह नहीं खेलेंगे।
सहवाग के साथ पीटरसन, जेसी राइडर के चोटिल होने और मोर्ने मार्कल और एबी डिविलियर्स जैसे खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बावजूद वार्नर अपनी टीम को मजबूत मान रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कोलकाता के खिलाफ फील्ड में कुछ गलतियां जरूर हुईं। लेकिन टीम इसे सुधारने की दिशा में है। वार्नर का कहना है कि टीम की कोशिश रहेगी कि पहले चार बल्लेबाज 20 ओवर तक टिके रहकर बड़ा स्कोर खड़ा करें।
दिल्ली को हल्के में नहीं ले रहे द्रविड़
राहुल द्रविड़ दिल्ली को हल्के में नहीं ले रहे हैं। द्रविड़ का कहना है कि उनके स्टार खिलाड़ी चोटिल जरूर हैं बावजूद इसके दिल्ली हमेशा अच्छी टीम रही है। टीम के साथ कई भूमिकाएं निभा रहे द्रविड़ ने माना कि उनकी टीम में हरमीत सिंह, संजू सैमसन, सचिन बॉबी, राहुल शुक्ला जैसे कई नए खिलाड़ी हैं। टीम इनका उपयोग करेगी। रही बात शॉन टेट, फिडेल एडवर्ड्स जैसे तेज गेंदबाजों की तो उनकी रणनीति तेजी नहीं बल्कि विविधता भरी गेंदबाजी की रहेगी।