ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले अगले दो टेस्ट मैचों के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। खराब फॉर्म से जूझ रहे वीरेंद्र सहवाग को टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं गौतम गंभीर एक बार फिर से चयनकर्ताओं की उम्मीद पर खड़े नहीं उतर पाए।
टीम में शामिल नहीं करने से निराश सहवाग ने एक निजी टीवी चैनल को बताया कि मेरा करियर खत्म नहीं हुआ है। मैं भारतीय टीम में फिर वापसी करूंगा।
पिछले कुछ मैचों में वीरेंद्र सहवाग का बल्ला खामोश रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज की तीन पारियों में वे कुल 27 रन ही बना पाए। सहवाग ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछली घरेलू सीरीज में सात पारियों में 117 रन बनाए थे।
भारतीय टीम शुरुआती दो टेस्ट मैच जीत कर सीरीज में 2-0 की बढ़त ले चुकी है। दोनों देशों के बीच तीसरा टेस्ट मोहाली में 14 मार्च से और चौथा टेस्ट दिल्ली में 22 मार्च से खेला जाएगा।
टीम इंडियाः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान व विकेटकीपर), मुरली विजय, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, हरभजन सिंह, आर अश्विन, प्रज्ञान ओझा, अजिंक्य रहाणे, अशोक डिंडा, चेतेश्वर पुजारा।