भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में एक मार्च से खेला जाएगा। उसके बाद चौथा टेस्ट अहमदाबाद में नौ मार्च से होगा। भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली शुरुआत दो टेस्ट में बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, उन्होंने लो-स्कोरिंग मुकाबलों में उपयोगी योगदान जरूर दिया है। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक फैन कोहली को किस कर रही है। हालांकि, इसकी सच्चाई कुछ और है।
दरअसल, महिला फैन ने कोहली के मोम के पुतले को किया है। कोहली पुतला मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया गया है। एक महिला फैन जब वहां गई तो कोहली के प्रति अपने प्यार को इजहार करने से खुद को नहीं रोक पाई। उसने विराट के पुतले को किस करते हुए एक वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस हरकत पर कुछ फैंस ने उसका समर्थन किया तो कुछ ने नाराजगी जताई। कुछ फैंस का मानना है कि ऐसा करने से पुतला खराब होता है।
कोहली टेस्ट मैच में नवंबर 2019 के बाद से शतक नहीं लगा सके हैं। क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में उनके शतक का इंतजार फैंस को लंबे समय से है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज की तीन पारियों में 12, 44 और 20 रन बनाए हैं। उन्होंने 106 टेस्ट मैचों की 180 पारियों में 8195 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 27 शतक और 28 अर्धशतक निकले हैं।
आखिरी दो टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है। टेस्ट टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह वही टीम है जो पहले दो टेस्ट के लिए चुनी गई थी। हालांकि, एक बदलाव जो देखने को मिल रहा है वह यह है कि राहुल के नाम के आगे से उपकप्तान लिखा हुआ हट गया है। पहले दो टेस्ट के लिए जब टीम आई थी तो राहुल के नाम के आगे उपकप्तान लिखा हुआ आया था। रोहित शर्मा ही बाकी दोनों टेस्ट में टीम की कप्तानी करेंगे।
तीसरे-चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर , सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।