टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को हाल ही में संपन्न आईपीएल के दौरान फील्डिंग करते समय गले में चोट लगी थी। इसके चलते उनके इंग्लैंड दौरे की तैयारी पर भी गहरा असर पड़ा। विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे की तैयारी के लिए जून में काउंटी क्रिकेट क्लब सरे से करार किया था, लेकिन चोट के चलते उन्हें इससे किनारा करना पड़ा।
खबरें तो यह भी आई कि चोट के चलते कोहली का इंग्लैंड दौरे पर खेलना मुश्किल है। यह टीम इंडिया और उसके फैंस के लिए झटकेदार खबर थी। हालांकि, अब टीम इंडिया के लिए खुशखबरी आई है। कप्तान विराट कोहली ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स पर बुधवार को नेट्स पर बल्लेबाजी का हल्का अभ्यास किया।
कोहली ने टीम इंडिया के सहायक कोच संजय बांगर के लिए दोपहर में इंडोर अभ्यास किया। कप्तान ने कुछ घंटे अभ्यास किया और गेंद पर अच्छा टाइमिंग बनाया। यह कहना गलत नहीं होगा कि चोट के बाद वापसी करने के साथ ही गेंद पर टाइमिंग बनाकर कोहली ने मैदान पर धमाल मचा दिया। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि कोहली अगले सप्ताह तक ऐसे ही अभ्यास जारी रखेंगे।
29 वर्षीय कोहली का 15 जून को बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट होगा। कप्तान को उम्मीद है कि वह इससे पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे। टीम इंडिया के सूत्रों से जानकारी मिली है कि कोहली टीम के साथ आयरलैंड जा सकते हैं और वह दो टी-20 मैचों में हिस्सा ले सकते हैं।
टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ 27 व 29 जून को दो टी-20 मैच खेलना है। इसके बाद टीम इंडिया तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी। बहरहाल, सूत्र ने कहा, 'विराट कोहली ने नेट्स पर हल्का अभ्यास किया। कुछ दिनों में वह पूरी तरह फील्ड पर लौट आएंगे। 15 जून को वह बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।'
सूत्र ने यह भी बताया कि विराट कोहली ने काउंटी क्रिकेट नहीं खेलने का फैसला किया ताकि इंग्लैंड दौरे के लिए अपने आप को पूरी तरह फिट रख सकें। विराट कोहली के लिए इंग्लैंड दौरा प्रथमिकता है क्योंकि 2014 में वह इस दौरे पर बुरी तरह फ्लॉप रहे थे। कोहली ने तब पांच टेस्ट में करीब 14 की औसत से 134 रन ही बनाए थे।