भारतीय क्रिकेट टीम कल यानी रविवार को पाकिस्तान के साथ मुकाबले से टी-20 वर्ल्ड कप के अपने अभियान की शुरुआत करेगी। दोनों टीमें लंबे अंतराल के बाद एक-दूसरे से भिड़ेंगी तो ऐसे में दुबई में होने वाले इस महामुकाबले पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें होंगी। उधर इस मुकाबले से पहले दोनों ही टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में लगी हैं।
मैच से एक दिन पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने प्रेसवार्ता की और कई सवालों के जवाब दिए। हालांकि इस दौरान विराट कप्तानी के एक सवाल पर भड़क गए और सीधे शब्दों में अपनी नाराजगी जताई। कप्तान कोहली ने मौजूदा टी-20 विश्व कप के बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप में राष्ट्रीय टीम की कप्तानी छोड़ने के अपने फैसले को लेकर किसी बहस में पड़ने से इनकार करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर विवाद चाहने वालों को कोई ‘मसाला’ नहीं देंगे।
बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहते
विराट ने पिछले महीने अपने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वह यूएई में होने वाले इस विश्वस्तरीय टूर्नामेंट के बाद कप्तानी छोड़ देंगे। विराट द्वारा अचानक से लिए गए इस फैसले ने सभी को चौंका दिया था और यही कारण था कि इसे लेकर खूब चर्चाएं हुईं और अटकलें लगाई गई। लेकिन कप्तान ने इस संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि वह बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहते हैं।
खुले तौर पर चीजों को समझा चुका हूं
कोहली ने टी-20 विश्व कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘मैंने पहले ही काफी कुछ बोल दिया है और मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे पर कुछ और बोलने की जरूरत है।' इस सवाल पर चिढ़ते हुए कोहली ने कहा, ‘हमारा ध्यान इस विश्व कप में अच्छा खेलने पर है और एक टीम के रूप में हमें जो करने की जरूरत है वह करना है। बाकी लोग उन चीजों को ‘खोदने’ की कोशिश कर रहे हैं जो मौजूद नहीं हैं और मैं कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो ऐसे किसी को ‘मसाला’ दूं।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने बहुत ईमानदारी से और खुले तौर पर चीजों को समझा दिया है। अगर लोगों को लग रहा है कि इसके अलावा और भी कुछ है जो मैंने पहले नहीं बताया है तो मुझे उनके लिए बहुत बुरा लगता है। निश्चित रूप से ऐसा नहीं है।’
उधर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने शुक्रवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि कोहली पर कप्तानी छोड़ने का कोई दबाव नहीं था और यह उनका अपना फैसला था।