गुवाहाटी में विराट के लिए लाए गए तोहफे को जिसने भी देखा दंग रह गया। खुद विराट कोहली भी इस खास चीज की तारीफ किए बिना नहीं रह पाए। गुवाहाटी में रहने वाले राहुल ने कबाड़ यानी बेकार फोन, तारों और कीलों से विराट की बेहतरीन तस्वीर बनाई। राहुल को यह तस्वीर बनाने में तीन दिन और तीन रातें लगी। कोहली को तस्वीर बेहद पसंद आई और उन्होंने राहुल को उस तस्वीर पर ऑटोग्राफ भी दिया।
वीडियो को बीसीसीआई (BCCI) ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया। साथ में कैप्शन लिखा, 'पुराने फोन से बनी विराट कोहली की यह तस्वीर। बताइए कोहली के फैन का यह प्यार कैसा है।' वीडियो में राहुल ने बताया कि इस तरह का आर्टफॉम फिलहाल भारत में सिर्फ वही करते हैं जिसके कारण उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है।
राहुल की यह भी इच्छा है कि उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में आए। बता दें कि भारतीय टीम आज गुवाहाटी में साल 2020 का अपना पहला टी-20 मुकाबला खेलेगी। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में केएल राहुल के साथ शिखर धवन ही तीन मैच की सीरीज में भारतीय टीम की ओर से पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे।