विराट कोहली ने वनडे में अपने 46वें शतक के साथ किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। वहीं, वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेला जयवर्धन का रिकॉर्ड तोड़ा।
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। कप्तान रोहित अपने अर्धशतक से चूके, लेकिन शुभमन गिल और विराट कोहली ने बेहतरीन शतकीय पारियां खेली। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। खासकर विराट कोहली ने पिछली चार वनडे पारियों में तीसरी बार शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ इसी सीरीज के पहले मैच में शतक लगाया था। इस मैच में गिल ने 116 और कोहली ने 166 रन बनाए।
विज्ञापन
वनडे क्रिकेट में यह विराट कोहली का 46वां शतक था। वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले सचिन से सिर्फ तीन शतक पीछे हैं। सचिन ने वनडे में 49 शतक लगाए हैं, जबकि कोहली 46 शतक लगा चुके हैं। वहीं, इस मैच में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 10वीं बार शतकीय पारी खेली। किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का मामले में वह शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में नौ शतक लगाए हैं। वहीं, विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ 10 वनडे शतक लगा चुके हैं। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी नौ वनडे शतक लगाए हैं।
वनडे में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
Player
विपक्षी टीम
मैच
रन
औसत
शतक
विराट कोहली (भारत)
श्रीलंका
50*
2484
63.69
10
विराट कोहली (भारत)
वेस्टइंडीज
42
2261
66.50
9
सचिन तेंदुलकर (भारत)
ऑस्ट्रेलिया
71
3077
44.59
9
रोहित शर्मा (भारत)
ऑस्ट्रेलिया
40
2208
61.33
8
विराट कोहली (भारत)
ऑस्ट्रेलिया
43
2083
54.81
8
विज्ञापन
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी विराट ने श्रीलंका के महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ दिया है। 448 मैच खेलने वाले महेला जयवर्धने ने 418 वनडे पारियों में 33.37 के औसत और 78.96 के स्ट्राइक रेट से 12650 रन बनाए थे। वहीं, विराट कोहली 268 मैच की 259 पारियों में ही 12700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनका औसत 58 और स्ट्राइक रेट 93 के करीब है। वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली अब पांचवें नंबर पर हैं। उनसे आगे अब सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग और सनथ जयसूर्या हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
बल्लेबाज
मैच
रन
औसत
शतक
सचिन तेंदुलकर (भारत)
463
18426
44.83
49
कुमार संगकारा (श्रीलंका)
404
14234
41.98
25
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
375
13704
42.03
30
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
445
13430
32.36
28
विराट कोहली (भारत)
268*
12754
58.23
46
विराट ने 15 जनवरी को चौथी बार लगाया शतक
विराट कोहली ने 15 जनवरी को चौथी बार शतकीय पारी खेली। इससे पहले उन्होंने 15 जनवरी 2017 को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में 122 रन की पारी खेली थी। वहीं, 15 जनवरी 2018 को उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में 153 रन बनाए थे। 15 जनवरी 2019 को कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 104 रन बनाए थे। अब उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 15 जनवरी 2023 को 166 रन की पारी खेली।
रिकी पोंटिंग और जैक्स कैलिस के क्लब में शामिल हुए कोहली
श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में 166 रन की पारी खेलने के साथ ही विराट कोहली ने रिकी पोंटिंग और जैक्स कैलिस के खास क्लब में जगह बनाई। विराट कोहली अब घरेलू जमीन पर वनडे में सबसे ज्यादा 50 रन से अधिक का स्कोर बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस की बराबरी की है। ये तीनों खिलाड़ी अपनी घरेलू जमीन में 46 बार वनडे में 50 रन से अधिक का स्कोर बना चुके हैं। इस मामले में भारत के सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। सचिन ने अपनी घरेलू जमीन में वनडे में 58 बार 50 रन से ज्यादा की पारी खेली है। वहीं, विराट कोहली भारत में वनडे क्रिकेट में 20 शतक और 26 अर्धशतक लगा चुके हैं।
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में अपने घर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के विराट कोहली को पीछे छोड़ा। कैलिस ने दक्षिण अफ्रीका में वनडे में 5186 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली भारत में वनडे क्रिकेट में 5200 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इस मामले में कोहली से आगे सिर्फ रिकी पोंटिंग और सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन ने भारतीय जमीन पर वनडे में 6976 रन बनाए, जबकि रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर वनडे में 5521 रन बनाए। विराट इसी साल रिकी पोंटिंग का यह रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।