टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (109*) ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ वन-डे सीरीज के पांचवें व अंतिम मैच में अपने करियर का 30वां शतक जमाया। कोहली के शतक की मदद से टीम इंडिया ने श्रीलंका का वन-डे सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप किया। उल्लेखनीय है कि कोहली ने अपने करियर का पहला, 10वां, 20वां और 30वां शतक भी पूरा किया।
कोहली ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 116 गेंदों में 9 चौको की मदद से अपने वन-डे करियर का 30वां शतक जमाया और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (30 शतक) की बराबरी की। विराट कोहली वन-डे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रिकी पोंटिंग के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
ये भी पढ़ें : कोहली के शतक के साथ भारत ने किया क्लीन स्वीप, अंतिम वनडे में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया
वन-डे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने 49 शतक जमाए हैं।
वैसे कोहली सबसे तेज 30 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। 28 वर्षीय बल्लेबाज ने 186वीं पारी में अपने वन-डे करियर का 30वां शतक जड़ा। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 267वीं पारी में यह कारनामा किया था जबकि पोंटिंग को 30 शतक पूरे करने के लिए 349 पारियां लगी थी।
186 पारियों में किसके कितने शतक
30 शतक विराट कोहली
16 शतक सचिन तेंदुलकर
15 शतक रिकी पोंटिंग