महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती 3 मैचों के लिए टीम इंडिया की कमान विराट कोहली को सौंपी गई थी जिसका कोहली ने बेहतरीन ढंग से उपयोग किया और तीनों मैच में जीत दिला दी। इसके बाद उन्हें शेष दोनों मैचों की भी कमान सौंप दी गई क्योंकि धोनी चोटिल हो गए थे और वह फिट नहीं हैं।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में जीत की हैट्रिक लगाने वाली टीम इंडिया सीरीज के दूसरे मैच के बाद ही वनडे रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर काबिज हो गई थी, लेकिन तीसरे मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों की भी वनडे रैंकिंग में जबर्दस्त उछाल आ गया।
कप्तान कोहली समेत 2 भारतीय बल्लेबाज रैंकिंग में शीर्ष 5 शामिल हो गए हैं। हालांकि शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची में भारत के 3 बल्लेबाज शामिल हैं। भारतीय कप्तान धोनी भले ही यह सीरीज नहीं खेल रहे हों लेकिन वह सातवें नंबर पर खिसक गए हैं।
टॉप 10 में टीम इंडिया के 3 बल्लेबाज
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज टीम इंडिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। तीनों ही मैच में ओपनर शिखर धवन ने 75 रनों से ज्यादा की पारी खेली और 2 अर्धशतकों के अलावा एक शतक भी जमाया। वह 5 स्थान की छलांग लगाते हुए नौंवे से चौथे स्थान पर आ गए हैं। वह 94.33 की औसत से सीरीज में 283 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।
वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली वनडे में बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे पायदान पर पहले ही से काबिज हैं। तीसरे मैच में भी उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। नियमित कप्तान धोनी को वनडे सीरीज नहीं खेलने का नुकसान हुआ है और वह एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।
हालांकि शीर्ष 2 स्थानों पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों का कब्जा है। पहले स्थान पर कप्तान एबी डीबिलियर्स हैं और जबकि दूसरे नंबर पर हाशिम अमला बने हुए हैं।
भुवनेश्वर हैं टीम इंडिया के नंबर वन गेंदबाज
जहां तक आईसीसी की वनडे गेंदबाजी रैंकिंग का सवाल है तो तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक स्थान चढ़ने के साथ ही संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं। भुवी के साथ इस स्थान पर पाकिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद हफीज हैं। हालांकि भुवी श्रीलंका के खिलाफ सीरीज नहीं खेल रहे हैं।
हालांकि अपने फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे आलराउंडर रवींद्र जडेजा इस सूची में 2 पायदान नीचे लुढ़क गए हैं, जबकि पहले स्थान पर अभी भी प्रतिबंधित गेंदबाज सईद अजमल बने हुए हैं। पाक गेंदबाज अजमल को संदिग्ध गेंदबाजी के कारण गेंदबाजी से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
वहीं टीम इंडिया (117 अंक) श्रीलंका के खिलाफ चौथे वनडे में हार जाती है तो भी अंकों के आधार पर टीम रैंकिंग में वह शीर्ष पर बनी रहेगी।
अगर ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज 3-2 से जीतती है तो उसके 115 अंक होंगे जबकि अफ्रीकी टीम के 114 अंक ही रहेंगे। लेकिन यही परिणाम अलग उलट जाता है तो अफ्रीकी टीम के 116 अंक हो जाएंगे और कंगारुओं के 113 अंक हो जाएगे।