भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली पिछले लंबे समय से भारत में खेलों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाने वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के ब्रांड एंबेसडर बनाए गए हैं। हीरो मोटोकॉर्प की तरफ से यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब टीम इंडिया को इंग्लैंड ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 4-1 से धोया है।
कंपनी ने आज इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कोहली नयी एक्सट्रीम प्रीमियर मोटर साइकिल के साथ अपनी इस नई पारी की शुरुआत करेंगे। हीरो मोटोकॉर्प के यहां जारी बयान में कोहली ने भी कंपनी के साथ जुड़ने पर खुशी जताई।
भारतीय कप्तान ने कहा, 'हीरो मोटोकॉर्प से जुड़ना मेरे लिये खुशी की बात है। यह वास्तव में भारत का वैश्विक ब्रांड है। हीरो मोटोकॉर्प पिछले दो दशकों से खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देता रहा है और इस परिवार का हिस्सा बनना गर्व की बात है।'
कंपनी के चेयरमैन पवन मुंजाल ने कहा, 'ब्रांड हीरो विश्वास और उत्कृष्टता का प्रतीक है-वे गुण जो वैश्विक आदर्श विराट कोहली के व्यक्तित्व से मेल खाते हैं। कोहली को इस परिवार में शामिल करना सुखद अनुभव है। मैं इस नयी पारी में उनकी सफलता की कामना करता हूं।'